राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण बढ़ाने पर दिया जोर
देवरिया । पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने और हरित वातावरण के निर्माण के उद्देश्य से सलेमपुर में राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने शनिवार को पौधा लगाकर लोगों को प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।
राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने डेहरी स्थित राजकीय उद्यान में आयोजित कार्यक्रम में पौधा लगाया। इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बदलती जलवायु, घटते वन क्षेत्र और बढ़ते प्रदूषण के बीच पर्यावरण की रक्षा आज सबसे महत्वपूर्ण विषय बन चुका है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य के लिए हर व्यक्ति को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के अभिन्न अंग हैं। ये न केवल वातावरण को शुद्ध बनाते हैं, बल्कि जल स्तर बनाए रखने, मिट्टी के कटाव को रोकने और विभिन्न जीव-जंतुओं के संरक्षण में भी अहम योगदान देते हैं। इसलिए पौधरोपण को केवल एक कार्यक्रम न मानकर जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाना चाहिए।
राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा हरित क्षेत्र बढ़ाने और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इन प्रयासों को सफल बनाने के लिए आमजन की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घर, खेत, विद्यालय या सार्वजनिक स्थानों पर पौधे लगाएं और उनकी देखभाल को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई तथा उपस्थित लोगों को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प भी दिलाया गया।
इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
सुधा जायसवाल ने मास कम्युनिकेशन एवं पत्रकारिता (MJMC) में स्नातकोत्तर डिग्री प्राप्त की है और पत्रकारिता क्षेत्र में 12 वर्षों से सक्रिय हैं। वह अमर उजाला, स्वतंत्र भारत, जनसंदेश टाइम्स और तरुण मित्र जैसे संस्थानों में कार्य कर चुकी हैं। राजनीतिक, शिक्षा और नगर निगम सहित विभिन्न बीट्स पर रिपोर्टिंग का अनुभव रखने वाली सुधा वर्तमान में तरुण मित्र के डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ी हुई हैं।
