अंशु सिंह गौतम ने रिठिया में ग्रामीणों को स्वास्थ्य जागरूकता का दिया संदेश
बस्ती - जनपद के ग्राम रिठिया में स्मार्ट संस्था एवं ओमनी रेडियो के संयुक्त तत्वावधान में संचालित “सेहत सही, लाभ कई” कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष नैरोकास्टिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।इस अवसर पर कर्मा देवी समूह की कार्यकारी निदेशक अंशु सिंह गौतम ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी और समय पर जागरूकता से अनेक गंभीर बीमारियों की रोकथाम संभव है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को टीबी जांच, आयुष्मान भारत योजना, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, पोषण, स्वच्छता तथा हीट वेव से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। साथ ही लोगों को समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने एवं सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।रेडियो ओमनी के स्टेशन निदेशक वीर प्रताप सिंह ने कहा कि स्मार्ट संस्था एवं ओमनी रेडियो का उद्देश्य गांव-गांव तक स्वास्थ्य संबंधी सही एवं उपयोगी जानकारी पहुंचाकर लोगों को जागरूक और सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से ही स्वस्थ, जागरूक एवं समृद्ध समाज का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम में रेडियो ओमनी की टीम, स्थानीय जनप्रतिनिधि, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियां तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने कार्यक्रम में रुचि दिखाते हुए स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर चर्चा की तथा जागरूकता संदेशों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
