लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में धीरेंद्र प्रताप सिंह के अपहरण के बाद हत्या के मामले में पुलिस ने एक और वांछित अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्ता को शनिवार को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीमों द्वारा लगातार सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों के साथ-साथ स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से जांच की जा रही थी। इसी क्रम में 5 सितंबर 2026 को पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली और हत्याकांड में शामिल वांछित अभियुक्ता पूजा को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्ता की पहचान पूजा पत्नी रवि किशन उर्फ रवि तिवारी, उम्र करीब 28 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार उसका वर्तमान पता पटेल नगर, आइसक्रीम फैक्ट्री, निलमथा, थाना सुशांत गोल्फ सिटी, लखनऊ है, जबकि वह मूल रूप से मानपुर डेहवा, थाना जैतपुर, जनपद बाराबंकी की रहने वाली है।
पुलिस ने अभियुक्ता के कब्जे से मृतक की बताई गई एक सफेद धातु की अंगूठी तथा 15 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामदगी के बाद पुलिस ने अभियुक्ता से घटना के संबंध में पूछताछ की और आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक धीरेंद्र प्रताप सिंह की अपहरण कर हत्या की घटना को गंभीरता से लेते हुए मामले में शामिल आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही है। पुलिस टीमों द्वारा सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। अभियुक्ता की गिरफ्तारी को हत्याकांड की जांच में महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।