बारिश में भी कृष्ण भक्ति में डूबा गुलमोहर एनक्लेव
श्री शिव बालाजी धाम मंदिर में धूमधाम से मना जन्माष्टमी महोत्सव, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने किए बाल गोपाल के दर्शन
गाजियाबाद। गुलमोहर एनक्लेव सोसायटी, राकेश मार्ग स्थित श्री शिव बालाजी धाम मंदिर में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। तेज बारिश के बावजूद भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए सैकड़ों की संख्या में सोसायटी निवासी एवं श्रद्धालु मंदिर परिसर में पहुंचे।जन्माष्टमी को लेकर मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों, फूलों, आकर्षक विद्युत रोशनी एवं सुंदर सजावट से भव्य रूप दिया गया था। भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी के साथ विशेष रूप से सजाया गया कृष्ण जी का पालना श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। महिलाओं, बच्चों और अन्य श्रद्धालुओं ने बाल गोपाल को पालने में झुलाकर जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं।
महोत्सव के दौरान आयोजित भजन संध्या में भजन गायकों की शानदार प्रस्तुतियों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। कृष्ण भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु और सोसायटी निवासी जमकर झूमे और नृत्य करने पर मजबूर हो गए। तेज बारिश के बीच भी भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। मंदिर परिसर में लगातार राधे-कृष्ण और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे गूंजते रहे।कार्यक्रम में छप्पन भोग भगवान श्रीकृष्ण को अर्पित किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं को चरणामृत, मक्खन-मिश्री एवं फलों का प्रसाद वितरित किया गया।

आरडब्ल्यूए की पूर्व अध्यक्ष रश्मि चौधरी ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी गुलमोहर एनक्लेव के लिए आस्था और उल्लास का पर्व है। उन्होंने कहा कि “तेज बारिश के बावजूद सैकड़ों निवासियों का मंदिर पहुंचना भगवान श्रीकृष्ण के प्रति उनकी गहरी आस्था को दर्शाता है। ऐसे धार्मिक आयोजन सोसायटी में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता को मजबूत करते हैं।”मंदिर के पुजारी पंडित राजीव मिश्रा जी ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य अवतरण का पावन पर्व है। भगवान श्रीकृष्ण ने अधर्म के नाश और धर्म की स्थापना का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, धर्म, कर्म और प्रेम के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर में भव्य झांकी, कृष्ण जी का पालना, भजन संध्या एवं छप्पन भोग का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर आरडब्ल्यूए की पूर्व अध्यक्ष रश्मि चौधरी, अनुजा बंसल, पूनम बंसल, सतीश गुप्ता, अरविंद सिंघल, राम सरन जग्गा, राजकिशोर शर्मा, किंशुक बंसल, गौरव बंसल, प्रभात गर्ग, विशाल बिग सहित सैकड़ों श्रद्धालु एवं सोसायटी निवासी मौजूद रहे।तेज बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह में कोई कमी नहीं आई। भजन, कीर्तन, जयकारों और कृष्ण भक्ति के बीच गुलमोहर एनक्लेव का श्री शिव बालाजी धाम मंदिर पूरी तरह कृष्णमय नजर आया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
