जलमग्न क्षेत्रों में पंप लगाकर निकालें पानी : केशव
लखनऊ। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने वर्षा एवं जलभराव को लेकर अधिकारियों को जनहित में संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारियों तथा ग्राम्य विकास विभाग के अन्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलमग्न एवं जलभराव वाले क्षेत्रों पर निरंतर निगरानी रखी जाए। जिन क्षेत्रों में पानी भरा हुआ है, वहां आवश्यकता के अनुसार तत्काल पंप लगाकर पानी की निकासी कराएं ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो ।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान होना चाहिए। अधिकारी क्षेत्र में जाकर वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करें और कार्यालय में बैठकर रिपोर्ट तैयार करने की औपचारिकता न निभाएं। ग्राम पंचायत, विकास खण्ड एवं जनपद स्तर पर प्राप्त होने वाली शिकायतों एवं समस्याओं की नियमित समीक्षा की जाए तथा उनके निस्तारण की स्थिति की भी निगरानी की जाए, सड़क, नाली, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता तथा आवागमन से संबंधित समस्याओं को भी प्राथमिकता के आधार पर दूर कराया जाए। विकास योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे, जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर हो। अधिकारी क्षेत्रों अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ काम करते हुए सुनिश्चित करना होगा कि किसी भी नागरिक को छोटी से छोटी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि जलभराव के पश्चात डेंगू, मलेरिया और अन्य वाहक-जनित बीमारियों के खतरे को देखते हुए समन्वय के साथ स्वच्छता और स्वास्थ्य अभियान चलाने के निर्देश दिए। जल निकासी के तुरंत बाद प्रभावित क्षेत्रों में साफ-सफाई, चूना, कीटनाशक और एंटी-लार्वा का नियमित छिड़काव अनिवार्य रूप से किया जाए। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति तथा स्वास्थ्य विभाग की टीमें अलर्ट मोड पर रहें।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
राजेश कुमार सिंह को पत्रकारिता एवं मीडिया क्षेत्र में 26 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से बीएससी, एलएलबी और मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। वर्तमान में वह हिंदी दैनिक ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। राजनीतिक, प्रशासनिक और शासन से जुड़े विषयों पर उनकी गहरी समझ है।
