थाने के बाहर ही भिड़े दो पक्ष, शांति भंग की आशंका में पुलिस ने किया गिरफ्तार
लखनऊ। महिगवां थाना पुलिस ने क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। दोनों पक्ष एक मुकदमे के संबंध में पूछताछ के लिए थाने पहुंचे थे, जहां आपसी विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
पुलिस के अनुसार, थाना महिगवां में दर्ज एक मुकदमे के संबंध में पूछताछ के लिए वादी दिलीप कुमार और दूसरे पक्ष के रंजीत कुमार को थाने बुलाया गया था। दोनों पक्ष थाने के मुख्य द्वार पर ही मुकदमेबाजी को लेकर आपस में बहस करने लगे। पुलिसकर्मियों द्वारा समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों नहीं माने और विवाद बढ़ता गया।
स्थिति को देखते हुए पुलिस को आशंका हुई कि यदि तत्काल कार्रवाई नहीं की गई तो दोनों पक्ष किसी संज्ञेय अपराध को अंजाम दे सकते हैं और क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान सोनवा गांव निवासी दिलीप कुमार (30 वर्ष) और रंजीत कुमार (38 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान उच्चतम न्यायालय और मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
