चेन स्नैचर को पकड़ने में यातायात आरक्षी नवीन चौधरी ने दिखाया अदम्य साहस
पत्थर से हमले में नाक पर लगी चोट, घायल होने के बावजूद आरोपी को दबोचकर पुलिस के हवाले किया
लखनऊ। रक्षाबंधन के अवसर पर राजधानी लखनऊ में यातायात ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी ने कर्तव्य और साहस की मिसाल पेश की। मड़ियांव ढाल पर ड्यूटी कर रहे यातायात आरक्षी नवीन चौधरी ने महिला से चेन स्नैचिंग कर भाग रहे आरोपी का पीछा कर उसे पकड़ लिया। आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए आरक्षी पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उनकी नाक पर गंभीर चोट लगी और खून बहने लगा। इसके बावजूद आरक्षी ने आरोपी को नहीं छोड़ा और अंततः उसे थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, रक्षाबंधन के दिन नवीन चौधरी मड़ियांव ढाल पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक महिला से चेन स्नैचिंग कर भाग रहे युवक को देखा। आरक्षी ने तत्काल आरोपी का पीछा शुरू कर दिया। आरोपी भागते हुए बचने की कोशिश करता रहा, लेकिन नवीन चौधरी ने उसका पीछा जारी रखा।
पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख आरोपी ने आरक्षी को रोकने के लिए पत्थर से उनके चेहरे पर वार कर दिया। पत्थर लगने से उनकी नाक पर चोट आई और रक्तस्राव होने लगा। चोट लगने के बावजूद आरक्षी ने हिम्मत नहीं हारी और आरोपी को पकड़कर रखा।
इसके बाद आरोपी को थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। घायल आरक्षी नवीन चौधरी को उपचार के लिए हिम सिटी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी नाक पर दो टांके लगाए। उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई है।
साहस के लिए मिलेगा सम्मान
आरक्षी नवीन चौधरी की बहादुरी और कर्तव्य के प्रति समर्पण की पुलिस अधिकारियों ने सराहना की है। उनके अदम्य साहस और कर्तव्यपरायणता को देखते हुए पुलिस आयुक्त लखनऊ ने ₹10,000 के नकद पुरस्कार और प्रशस्ति-पत्र से सम्मानित करने की घोषणा की है।
इसके अलावा आरक्षी नवीन चौधरी का नाम कमेंडेशन डिस्क के लिए भी प्रस्तावित किया गया है।
रक्षाबंधन के दिन हुई यह घटना पुलिसकर्मी की कर्तव्यनिष्ठा और साहस को सामने लाती है। चोट लगने के बावजूद आरोपी को पकड़कर थाना पुलिस के हवाले करने वाले नवीन चौधरी की कार्रवाई की पुलिस विभाग में सराहना की जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
