लखनऊ में अधिवक्ता ने चैंबर में फांसी लगाकर दी जान, आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं
बुद्धेश्वर क्षेत्र की घटना से मचा हड़कंप, परिजन उपचार के लिए अस्पताल ले गए थे
पोस्टमार्टम के लिए KGMU भेजा गया शव
लखनऊ। राजधानी के पारा थाना क्षेत्र के बुद्धेश्वर इलाके में एक अधिवक्ता ने अपने चैंबर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की। आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
पुलिस के मुताबिक, 28 अगस्त 2026 को बुद्धेश्वर क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी। इस संबंध में रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल से थाना पारा को लिखित मेमो प्राप्त हुआ। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली।
प्रथमदृष्टया मृतक की पहचान राजेंद्र सिंह (करीब 50 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय सत्य प्रकाश सिंह, निवासी ज्ञानेंद्र विहार, आर.डी. मेमोरियल स्कूल के पास, पिंक सिटी फेज-2, बुद्धेश्वर, थाना पारा, लखनऊ के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, राजेंद्र सिंह पेशे से अधिवक्ता थे।
परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, राजेंद्र सिंह ने अपने आवास से कुछ दूरी पर स्थित चैंबर में तार के माध्यम से फांसी लगाई। घटना की जानकारी होने पर परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकीय परीक्षण के बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
पुलिस ने परिजनों से आत्महत्या के कारणों के बारे में जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन परिवार की ओर से इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा सकी।
पुलिस ने शव का निरीक्षण कर पंचायतनामा समेत अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए केजीएमयू, लखनऊ भेजा जा रहा है। पुलिस के अनुसार, मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है। घटना के बाद मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
