आईटीआई संस्थानों में औचक निरीक्षण, तीन शिक्षक मिले गैरहाजिर
निरीक्षण के दौरान धामपुर और नगीना आईटीआई में मिली अनियमितताएं
रामनाथ सिंह, बिजनौर संवाददाता
बिजनौर। जनपद में संचालित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) की व्यवस्थाओं और प्रशिक्षणार्थियों की उपस्थिति की स्थिति जांचने के लिए शुक्रवार को चार संस्थानों का औचक निरीक्षण कराया गया। निरीक्षण के दौरान धामपुर और नगीना आईटीआई में अनियमितताएं सामने आईं। अनुपस्थित पाए गए अध्यापकों एवं कार्मिकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के साथ एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान धामपुर-199 में तीन अध्यापक अनुपस्थित मिले। संस्थान में कुल 91 प्रशिक्षणार्थियों के सापेक्ष महज 13 प्रशिक्षणार्थी ही उपस्थित पाए गए। वहीं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बिजनौर में 278 प्रशिक्षणार्थियों के सापेक्ष 103 प्रशिक्षणार्थी अनुपस्थित मिले। हालांकि निरीक्षण के समय संस्थान के सभी अध्यापक उपस्थित पाए गए।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नजीबाबाद में निरीक्षण के दौरान किसी भी अध्यापक अथवा कार्मिक की अनुपस्थिति नहीं मिली। यहां 136 सीटें स्वीकृत हैं, जिनके सापेक्ष वर्तमान में 103 प्रशिक्षणार्थी प्रशिक्षणरत हैं।
इसी प्रकार राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नगीना में कुल 160 छात्र प्रशिक्षणरत पाए गए, लेकिन निरीक्षण के दौरान उपस्थित छात्रों की संख्या अत्यंत कम मिली। संस्थान के प्रधानाचार्य भी अनुपस्थित पाए गए।
निरीक्षण में अनुपस्थित पाए गए सभी अध्यापकों एवं कार्मिकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही अनुपस्थित अध्यापकों एवं कार्मिकों का एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की जाएगी।अधिकारियों ने संस्थानों में नियमित उपस्थिति और प्रशिक्षण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब 03 वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट एडिटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
