स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा, डीएम ने दिए प्रभावी सुधार के निर्देश
एनीमिया मुक्त भारत अभियान में बिजनौर प्रदेश में पांचवें स्थान पर, थैलेसीमिया मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के निर्देश
रामनाथ सिंह, बिजनौर संवाददाता
बिजनौर। जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
डीएम ने थैलेसीमिया रोगियों को आवश्यकता के अनुसार ब्लड बैंक से निर्बाध रक्त उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त रक्त की उपलब्धता के लिए नियमित रक्तदान शिविर आयोजित कराने पर भी जोर दिया। जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतते हुए स्वास्थ्य कैंप, फॉगिंग और एंटी लार्वा का छिड़काव कराने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि एनीमिया मुक्त भारत अभियान में बिजनौर प्रदेश में पांचवें स्थान पर है। परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक सात पुरुष और 729 महिला नसबंदी के मामले हुए हैं।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली टीमों को जिलाधिकारी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। संभव अभियान के तहत एसएएम बच्चों की समय से पहचान, उपचार और फॉलोअप सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
टेली मानस पोर्टल की समीक्षा में बताया गया कि मस्तिष्क संबंधी बीमारियों एवं मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 14416 संचालित है। डीएम ने इसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए।
जननी सुरक्षा योजना में 6,511 डिलीवरी के सापेक्ष 4,918 लाभार्थियों को भुगतान किया जा चुका है, जो 75.33 प्रतिशत है। शेष लाभार्थियों को शीघ्र भुगतान कराने के निर्देश दिए गए। टीकाकरण में 19 अगस्त तक एचपीवी टीकाकरण की 77 प्रतिशत तथा अप्रैल से जुलाई तक पूर्ण टीकाकरण की 93 प्रतिशत उपलब्धि रही।
क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत वर्ष 2026 में अब तक 8,189 मरीजों का उपचार चल रहा है, जिनमें 7,506 मरीजों को निश्चय मित्र संस्थाओं एवं अधिकारियों ने गोद लिया है। जिलाधिकारी ने निश्चय मित्र कार्यक्रम को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रण विजय सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कौशलेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, समस्त एमओआईसी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
