लोक निर्माण विभाग ने कांवड़ मार्गों को बनाया पैचलेस, सुधार कार्यों से शिवभक्तों की यात्रा हुई सुगम
विभाग ने सड़क मरम्मत के साथ सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को भी दी प्राथमिकता
रामनाथ सिंह
- शिवभक्तों को यात्रा में न हो परेशानी, प्रशासन ने किए पुख्ता इंतजाम
बिजनौर। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने जनपद के प्रमुख कांवड़ मार्गों पर व्यापक पैचिंग और सुधारात्मक कार्य कराए हैं। विभाग ने सड़क मरम्मत के साथ सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को भी प्राथमिकता दी है, ताकि शिवभक्तों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निर्माण खंड-द्वितीय, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एस.के. सारस्वत ने बताया कि हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाले शिवभक्त राष्ट्रीय राजमार्ग-734 से नजीबाबाद, काशीपुर होते हुए भागूवाला मार्ग के जरिए मोटा महादेव पहुंचकर जलाभिषेक करते हैं। वहीं अनेक कांवड़िये नजीबाबाद से ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद, अमरोहा और जसपुर की ओर जाते हैं, जबकि कुछ श्रद्धालु चंदक शाखा नहर पटरी मार्ग से बिजनौर की ओर प्रस्थान करते हैं।
उन्होंने बताया कि निर्माण खंड-द्वितीय के कार्यक्षेत्र में आने वाले सभी प्रमुख कांवड़ मार्गों पर विशेष अभियान चलाकर सड़कें पैचलेस बनाई गई हैं। मोटा महादेव-भागूवाला मार्ग तथा चंदक शाखा नहर पटरी मार्ग पर पैचिंग और आवश्यक सुधारात्मक कार्य पूरे किए गए हैं।
इसके अलावा किरतपुर-मौजमपुर मंडावली मार्ग, नगीना बाईपास मार्ग, मुरादाबाद-देहरादून राज्य मार्ग तथा जसपुर-धामपुर मार्ग पर भी आवश्यक मरम्मत कार्य कराए गए हैं। जसपुर-धामपुर मार्ग के किलोमीटर-18 स्थित मनोहरवाली मार्ग पर बने रपटे पर कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए मजबूत चैन रेलिंग भी स्थापित की गई है।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि लोक निर्माण विभाग का उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान सभी मार्गों को सुरक्षित, सुगम और बाधारहित बनाए रखना है, जिससे लाखों शिवभक्त बिना किसी परेशानी के अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
