डीएम ने कांवड़ मार्ग का किया निरीक्षण, सुरक्षा व व्यवस्थाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बैरिकेडिंग और सफाई कार्य तत्काल कराने के दिए निर्देश
रामनाथ सिंह
- स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण, आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश
बिजनौर। श्रावण कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी जसजीत कौर ने शनिवार को तहसील नगीना में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के बाद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बढ़ापुर तिराहा, रायपुर तिराहा सहित नजीबाबाद तक कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने ग्राम हरबंशपुर धारम मोड़ पर बैरिकेडिंग कराने तथा ग्राम सत्तारवाला मोड़ पर मिट्टी भरान एवं सफाई कार्य तत्काल कराने के निर्देश दिए। रायपुर तिराहा के समीप स्थापित अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर उन्होंने आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही घास कटाई का कार्य भी समयबद्ध और बेहतर ढंग से कराने पर जोर दिया।
ये खबर भी पढ़े : सोनभद्र : जिलाधिकारी ने एसपी के साथ सड़क दुघर्टना में घायल व्यक्ति को अस्पताल भिजवायाजिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ मार्ग पर चल रहे सभी पैचिंग कार्य शीघ्र पूर्ण किए जाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने ग्राम रावल्हेड़ी रेलवे फाटक के निकट स्थित पुलिस सहायता केंद्र का भी निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
डीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कांवड़ियों के साथ शालीन एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार किया जाए तथा प्रत्येक विभाग अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन करे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांवड़ मार्ग पूरी तरह सुगम और सुरक्षित रहना चाहिए तथा किसी भी प्रकार की शिकायत की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं, पूरे मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा प्रमुख मंदिरों सहित अन्य स्थानों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पर्याप्त तैनाती भी की गई है। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, उपजिलाधिकारी नगीना प्रिंस कुमार एवं पुलिस क्षेत्राधिकार राजेश कुमार सोलंकी तथा प्रशासन के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
