आमजन की शिकायतों का गुणवत्तापरक व समयबद्ध निस्तारण करें अधिकारी: डीएम
40 शिकायतों में तीन का मौके पर ही निस्तारण
रामनाथ सिंह
- शेष 37 शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देश
बिजनौर। तहसील नगीना में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी जसजीत कौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों का गुणवत्तापरक, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा शासन स्तर पर भी निस्तारण की गुणवत्ता की नियमित समीक्षा की जाती है।
समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 40 शिकायतें एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 03 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 37 मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस दौरान एम.एम. इंटर कॉलेज, नगीना की छात्राओं ने अपने विद्यालय में स्टेडियम निर्माण की मांग जिलाधिकारी के समक्ष रखी। डीएम ने छात्राओं को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया, उन्हें नाश्ता कराया तथा उनकी मांग पर सकारात्मक एवं प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि विशेष रूप से भूमि एवं राजस्व विवादों के मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर पहुंचकर शिकायतों का निस्तारण किया जाए, ताकि विवादों का समाधान निष्पक्ष एवं शीघ्र हो सके।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में शिकायतकर्ता की संतुष्टि सर्वोपरि होनी चाहिए। जिन मामलों में नियमानुसार कार्रवाई संभव न हो, उनमें संबंधित व्यक्ति को स्पष्ट रूप से कारण बताते हुए सूचित किया जाए। समाधान दिवस में चक रोड से अवैध कब्जा हटाने, भूमि की पैमाइश कराने सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों पर शिकायतें प्राप्त हुईं। सभी लंबित शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, उप जिलाधिकारी नगीना प्रिंस कुमार पुलिस क्षेत्र अधिकारी ने बिना राजेश कुमार सोलंकी सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
