हनुमान के वेश में भाजपा ने नचाया, सपा अध्यक्ष ने रंग मंच पर किया सम्मान
अखिलेश यादव ने उन्हें 51 हजार रू0 राशि भी प्रदान की
- प्रतिभा का राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस्तेमाल निंदनीय अखिलेश
लखनऊ। रविवार सपा मुख्यालय पर पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने रंग मंच के कलाकारों का समान किया। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें 51 हजार रू0 राशि भी प्रदान की।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने जिस प्रकार एक मजबूर और बेबस कलाकार की प्रतिभा का दुरुपयोग अपना राजनीतिक स्वार्थ साधने के लिए किया वो बेहद निंदनीय है। सबको मालूम है कि कुछ दिनों पहले, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लखनऊ आगमन पर, उनके रथ के आगे एक कलाकार हनुमान जी के रूप में नृत्य करवाया गया था।
संपूर्ण विश्व के बजरंगबली जी के उपासकों में आज तक इससे गहरा आक्रोश है। यादव ने कहा कि इसमें किसी गरीब कलाकार का कोई दोष नहीं है क्योंकि भाजपा सरकार में कलाकारों के लिए कोई स्थान नहीं है, इसीलिए वो अपने परिवार को चलाने के लिए विवश हैं। नकारात्मक भाजपाई सदैव सृजनात्मकता के विरोधी रहे हैं क्योंकि सृजनात्मकता रूढ़ियों और रूढ़िवादिता के विरुद्ध ही अपना नया रास्ता निकालती है, जो भाजपा की पुरातनपंथी-दकियानूसी सोच को तनिक भी रास नहीं आता है क्योंकि उनके अंदर रचनात्मकता की अभिव्यक्ति से ‘सत्ता विरोधी लहर’ के और भी बलवती होने का डर समाया रहता है।
इसीलिए चाहे साहित्यकार हो, ईमानदार पत्रकार हो या कोई भी कलाकार, ये भाजपाई और उनके संगी-साथी चाहते ही नहीं हैं कि वो मुखर हो या उनकी कलात्मक अभिव्यक्ति को किसी भी तरह का कोई मंच मिले। अगर भाजपाई कलाकारों को कभी मौका देते भी हैं तो अपने सम्मान के लिए, न कि कलाकारों के सम्मान के लिए। अखिलेश यादव ने कहा कि आज हम सबने मिलकर आर्थिक तंगी झेल रहे कलाकार की सहायता की और आगे भी करेंगे जिससे वो अपने परिवार में चल रही बीमारी और बदहाली का सामना कर सके।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
