बहनों को रक्षाबंधन की सौगात: डाकघरों में मिलेंगे 'वाटर रेसिस्टेंट' डिजाइनर राखी
पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने जारी किए स्पेशल राखी कवर और बॉक्स
- राखी गिफ्ट बॉक्स भी काउंटर्स पर पर उपलब्ध, मूल्य क्रमश: 35, 40 व 50 रुपए
लखनऊ। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए भारतीय डाक विभाग ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। भारतीय डाक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी और पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने डिजाइनर राखी कवर एवं राखी गिफ्ट बॉक्स डाकघरों से बिक्री के लिए जारी किये। ये विशेष राखी लिफाफे और राखी गिफ्ट बॉक्स सभी प्रधान डाकघर, उप डाकघर और सुदूर गांवों में स्थित शाखा डाकघरों में बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। इन्हें रेलवे मेल सर्विस के काउंटर्स द्वारा भी बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जायेगा।
पोस्टमास्टर जनरल ने बताया कि तीन विभिन्न डिजाइन में उपलब्ध ये राखी लिफाफे वाटर रेसिस्टेंट (जलरोधी) हैं, बारिश के संपर्क में आने पर खराब नहीं होंगे। 11 सेमी 22 से.मी. आकार के इन लिफाफों का मूल्य 10 रुपये मात्र है जो डाक शुल्क के अतिरिक्त है। इसके अलावा 3 विभिन्न साइज (250 ग्राम, 500 ग्राम और एक किलोग्राम) के राखी गिफ्ट बॉक्स भी काउंटर्स पर बिक्री के लिए उपलब्ध कराये जा रहे हैं, जिनका मूल्य क्रमश: 35, 40 और 50 रुपए है।
इसके माध्यम से राखी के साथ मिठाई और गिफ्ट भी इण्डिया पोस्ट पार्सल से देश-विदेश में भेजे जा सकते हैं। राखी लिफाफे और बॉक्स की आकर्षक डिजाइन में भारतीय डाक का लोगो और रक्षाबंधन की पारंपरिक भावना को दर्शाते हुए राखी, पुष्प, पूजा थाल, तथा भाई-बहन के स्नेहपूर्ण संबंध का मनमोहक चित्रांकन किया गया है।
राखी पोस्ट की स्पेशल बुकिंग के साथ-साथ नेशनल सॉर्टिंग हब और पार्सल हब में त्वरित सॉर्टिंग के भी प्रबंध किये गए हैं। इंटरनेशनल ट्रैक पैकेट सेवा के माध्यम से विदेशों में किफायती दामों पर राखी पोस्ट भेजी जा सकती है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
