कांवड़ मार्ग पर मीट की दुकाने बंद कराई, 70 से ज्यादा प्रतिष्ठानों की जांच
रंग मिला अनार और सड़ा मैंगो पल्प को कराया नष्ट
- कांवड़ मार्ग को लेकर चलाया विशेष अभियान
लखनऊ। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने बड़े स्तर पर अभियान चलाया। 14 जुलाई से जारी इस अभियान में कांवड़ मार्ग पर स्थित 70 से अधिक होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट, स्वीट शॉप और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कृत्रिम रंग मिले अनार के दाने, सड़ा मैंगो पल्प और एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई। गंभीर अनियमितताएं मिलने पर एक जूस कॉर्नर और एक मटन शॉप को भी बंद करा दिया गया।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और जिलाधिकारी लखनऊ के आदेश पर 14 जुलाई से कांवड़ यात्रा मार्ग पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसमें खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, लाइसेंस और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है। एफएसडीए की टीमों ने सुल्तानपुर रोड, मोहनलालगंज, चिनहट, बीबीडी, अनौरा कला, मटियारी और भिठौली-टेढ़ी पुलिया क्षेत्रों में 70 से अधिक खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
इस दौरान 59 खाद्य पदार्थों की फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स के जरिए मौके पर जांच की गई। कई खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं। चिनहट स्थित इमरान जूस कॉर्नर की जांच में अनार के दानों में कृत्रिम रंग की मिलावट और मैंगो पल्प सड़ा हुआ मिला।
टीम की मौजूदगी में करीब 10 किलो रंग मिला अनार, 30 किलो दूषित मैंगो पल्प, कृत्रिम रंग और सैकरिन नष्ट कराया गया। गंभीर अनियमितताओं के चलते प्रतिष्ठान को कमियां दूर होने तक बंद करा दिया गया। अनौरा कला स्थित मटन जंक्शन पर जांच के दौरान सही श्रेणी का वैध लाइसेंस नहीं मिला। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रतिष्ठान को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।
शासन के निर्देशों के अनुसार कांवड़ मार्ग को मांस, मछली और अंडा मुक्त रखने के लिए खुले में नॉनवेज बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। चिकन और मटन शॉप संचालकों को श्रावण माह तक खुले में नॉनवेज की बिक्री बंद रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान एक्सपायर्ड काली मिर्च पाउडर, अखाद्य गुलाबरी और सेंट बरामद हुए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
