वीडियो कॉल पर बात करते हुए फंदे से लटका रेलवे कर्मचारी, पुलिस जांच में जुटी
आलमबाग इलाके का मामला
- युवती ने परिजनों को दी सूचना
लखनऊ। आलमबाग में रेलवे कर्मचारी ने फांसी लगाकर जान दे दी। युवक अपनी गर्लफ्रेंड से वीडियो कॉल पर बात कर रहा था। इसी दौरान उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक को फंदे पर लटकता देख युवती ने परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर युवक को फंदे से नीचे उतारा। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक आलमबाग शांतिपूरम निवासी रोहित प्रजापति (26) रेलवे में बिजली विभाग में कार्यरत था। रोहित को उसके पिता राममिलन प्रजापति की जगह मृतक आश्रित पर नौकरी मिली थी। भाई लकी ने बताया घर के बाकी सदस्य चिनहट सतरिख रोड पर रहते हैं। भाई रोहित आलमबाग में रहकर नौकरी करता और छुट्टी में चिनहट आता था।
शुक्रवार देर शाम घटना की जानकारी मिली। आनन फानन में सब लोग अस्पताल पहुंचे तो रोहित मृत अवस्था में मिला। भाई लकी का कहना है वह अभी कमरे पर नहीं गया है, जिसके चलते उसे सुसाइड नोट की भी कोई जानकारी नहीं है। वहीं दोस्त अभिषेक सिंह ने बताया रोहित अपने दोस्तों के साथ शाम के समय घर पर ही था। करीब 7 बजे उसने घर से सभी दोस्तों को बाहर भेज दिया। इसके बाद अंदर कमरे में अपनी दोस्त से वीडियो कॉल पर बात की। इस दौरान ही फांसी के फंदे से लटक गया। उसकी दोस्त ने वीडियो कॉल काटकर एक दोस्त की बहन को घटना की जानकारी दी। इसके बाद सबको जानकारी मिली तो मौके पर पहुंचे।
दरवाजा अंदर से बंद था काफी खटखटाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो सब ने दरवाजा तोड़ा। अंदर पंखे के कुंड के सहारे रस्सी से रोहित लटका मिला। पुलिस को सूचना देने के साथ ही रोहित को अस्पताल पहुँचाया गया। जहां डॉक्टर मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस का कहना है शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। अभी कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
