कांवड़ यात्रा में स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 24 घंटे तैनात चिकित्सा टीमें
मार्गों पर मेडिकल कैंप, एम्बुलेंस और जीवनरक्षक दवाओं की व्यवस्था
रामनाथ सिंह
बिजनौर। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान शिवभक्तों की स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट है। जिलाधिकारी जसजीत कौर के निर्देश पर यात्रा मार्गों, प्रमुख शिवालयों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष चिकित्सा शिविर स्थापित किए गए हैं। इन शिविरों में चिकित्सक, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट और पैरामेडिकल कर्मी 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कौशलेन्द्र सिंह ने बताया कि शिविरों में श्रद्धालुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाएं और प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। थकान, बुखार, डिहाइड्रेशन, रक्तचाप की समस्या, पैरों में छाले, मोच समेत अन्य सामान्य बीमारियों का तत्काल इलाज किया जा रहा है। मेडिकल कैंपों में बेड, ऑक्सीजन, बीपी मशीन, स्टेथोस्कोप, फर्स्ट एड किट और आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कांवड़ मार्गों पर रणनीतिक स्थानों पर एम्बुलेंस तैनात की गई हैं। कंट्रोल रूम के माध्यम से चिकित्सा सेवाओं की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल उच्च चिकित्सा संस्थानों तक पहुंचाया जा सके।
सीएमओ ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान पर्याप्त पानी पीने, समय-समय पर विश्राम करने और स्वास्थ्य संबंधी किसी भी परेशानी होने पर निकटतम चिकित्सा शिविर या एम्बुलेंस सेवा का तत्काल उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का पूरा अमला सेवा भावना के साथ कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सफल बनाने में जुटा हुआ है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
