जिलाधिकारी ने चांदपुर–हस्तिनापुर मार्ग का किया निरीक्षण
11 किमी बांध निर्माण की मांग शासन को भेजने का आश्वासन
रामनाथ सिंह
बिजनौर। जिले में संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी जसजीत कौर ने गुरुवार अपराह्न तहसील चांदपुर एवं विकासखंड जलीलपुर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने चांदपुर से हस्तिनापुर तक क्षतिग्रस्त एवं बाढ़ प्रभावित मार्ग का निरीक्षण किया तथा पांडव नगर चौकी, जलालपुर खादर, रायपुर खादर और खानपुर दमाल गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने लगभग 11 किलोमीटर क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा के लिए स्थायी बांध निर्माण की मांग रखी। जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि इस प्रस्ताव को शासन स्तर पर प्रभावी ढंग से भेजा जाएगा और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराकर बांध निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में क्षेत्र में बाढ़ जैसी कोई गंभीर स्थिति नहीं है, फिर भी सभी ग्रामीण पूरी सतर्कता बरतें। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी संभावित बाढ़ की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर जाने में विलंब न करें।
लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड), मेरठ के सहायक अभियंता ने जिलाधिकारी को बताया कि चांदपुर–हस्तिनापुर मार्ग पर वर्षा एवं बाढ़ के पानी की समुचित निकासी के लिए 14 पुलियों तथा गाइड बांध के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके लिए संशोधित प्राक्कलन (रिवाइज्ड एस्टीमेट) शासन को स्वीकृति हेतु भेजा जा चुका है।
स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी चांदपुर, तहसीलदार चांदपुर, लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) मेरठ के सहायक अभियंता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
