कायस्थ सेवा ट्रस्ट के तीन दिवसीय रुद्राभिषेक का भव्य समापन
तीन दिनों में 85 श्रद्धालुओं ने किया भगवान शिव का अभिषेक
बस्ती - कायस्थ सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित तीन दिवसीय रुद्राभिषेक कार्यक्रम का मंगलवार को विधि-विधान एवं भक्तिमय वातावरण के बीच भव्य समापन हुआ। तीन दिनों में कुल 85 श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना कर रुद्राभिषेक किया और सुख-समृद्धि एवं लोककल्याण की कामना की।कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में भगवान शिव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान के साथ भगवान शिव का जल, दूध एवं अन्य पूजन सामग्री से अभिषेक कर आराधना की।
कायस्थ सेवा ट्रस्ट के जिला अध्यक्ष ने कहा कि रुद्राभिषेक जैसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना के साथ आपसी भाईचारा और एकता भी मजबूत होती है। उन्होंने आयोजन में शामिल सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
ट्रस्ट के संस्थापक अजय श्रीवास्तव ने कहा कि तीन दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और आस्था के साथ सहभागिता की। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की आराधना से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सेवा की भावना को बढ़ावा मिलता है।
मंडल अध्यक्ष नवीन श्रीवास्तव ने कहा कि भगवान शिव की आराधना मनुष्य को सकारात्मक ऊर्जा और आत्मिक शांति प्रदान करती है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को संस्कार और सेवा की भावना से जोड़ते हैं।भाजपा नेता अंकुर वर्मा ने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों से समाज में सद्भाव और एकजुटता का संदेश जाता है। उन्होंने भगवान शिव से सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।प्रकाश मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि तीन दिनों तक चले रुद्राभिषेक में श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ सहभागिता की। वहीं रणदीप माथुर ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया।
अयोध्या से आए रुद्राभिषेक करा रहे पंडित जनार्दन प्रसाद मिश्र ने कहा कि भगवान शिव का रुद्राभिषेक अत्यंत पुण्यदायी माना गया है। श्रद्धा और विधि-विधान से की गई शिव आराधना से मन को शांति मिलती है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
समापन अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से परिवार, समाज और देश की सुख-शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की। कार्यक्रम के अंत में सभी भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
