दारोगा की पिटाई का वीडियो वायरल,टीम के साथ पहुंची महापौर ने पकड़वाई 197 भैंसे
-स्वतंत्रता दिवस के दिन नगर निगम टीम और दरोगा पर हुआ था हमला
- पारा में अवैध डेयरियों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
लखनऊ। पारा क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित दूध डेयरियों पर कार्रवाई के दौरान स्वतंत्रता दिवस के दिन नगर निगम की टीम पर हमला हो गया। इस दौरान दारोगा की पिटाई हुई। मंगलवार सुबह से ही दरोगा की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसके बाद टीम के साथ पहुंची महापौर ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान 197 मवेशी पकड़े गए। अवैध डेयरी चलाने वाले कई लोगों पर मुकदमा भी दर्ज हुआ है।
महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने मौके पर अधिकारियों के साथ कार्रवाई की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि शहर में नियमों का उल्लंघन कर अवैध रूप से डेयरी संचालित करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को अभियान को प्रभावी ढंग से जारी रखने और अवैध गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त गौरव कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल, प्रवर्तन दल एवं कैटिल कैचिंग दस्ते के संयुक्त सहयोग से विशेष अभियान चलाया गया।
नगर आयुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कार्रवाई की जानकारी ली और अभियान को पूरी गंभीरता एवं सुरक्षा व्यवस्था के साथ आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान कुल 197 पशुओं को पकड़कर निरुद्ध कराया गया। इनमें 46 भैंसों को राधा उपवन गौशाला, 40 भैंसों को ठाकुरगंज कांजी हाउस, 31 भैंसों को पीजीआई कांजी हाउस, 33 भैंसों को आलमबाग कांजी हाउस तथा 46 भैंस और 1 बड़ी पड़िया को ऐशबाग कांजी हाउस भेजा गया।
नगर निगम की टीम ने बुद्धेश्वर, पारा, गढ़ियाना, ज्ञानेन्द्र विहार और शकुंतला मिश्र विश्वविद्यालय रोड पर विशेष अभियान चलाया। इस दौरान अवैध रूप से संचालित दूध डेयरियों को चिन्हित कर पशुओं को हटाने और उन्हें निर्धारित स्थानों पर निरुद्ध कराने की कार्रवाई की गई।
टीम पर हमले के बाद प्रशासन का सख्त रुख
गौरतलब है कि गत दिनों अवैध डेयरियों के खिलाफ कार्रवाई करने गई नगर निगम एवं पुलिस की टीम पर स्थानीय अराजक तत्वों ने हमला किया था। इस घटना में नगर निगम एवं पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी घायल हुए थे। घटना के बाद नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने या टीम के साथ अभद्रता एवं हमला करने वालों के खिलाफ भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से क्राइम रिपोर्टिंग में सक्रिय सत्य प्रकाश भारती अपराध से जुड़े मामलों पर गहरी पकड़ रखते हैं। तथ्यपरक रिपोर्टिंग और संतुलित प्रस्तुति उनकी कार्यशैली की पहचान है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ में कार्यरत हैं।
