रिश्ते हुए तार तार, जीजा ने सगे साले पर बरसाई गोली
दिनदहाड़े वारदात से बाजार में सनसनी
अस्पताल में इलाज के दौरान साले की हुई मौत
प्रतापगढ़। मंगलवार को समय लगभग 12:00 बजे दिन में थाना कोहंडौर क्षेत्रान्तर्गत मदाफरपुर बाजार निवासी देवेन्द्र यादव पुत्र गया प्रसाद यादव को उनके सगे जीजा कपिल यादव, निवासी खानापुर, थाना पीपरपुर, जनपद अमेठी द्वारा अपनी लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी गई।
कपिल यादव पूर्व सैनिक है तथा वर्तमान में जिला अस्पताल, सुल्तानपुर में गार्ड के पद पर कार्यरत है। घटना में घायल देवेन्द्र यादव को तत्काल उपचार हेतु जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। प्रारम्भिक जानकारी के अनुसार कपिल यादव का अपनी पत्नी प्रियंका से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी क्रम में सोमवार को देवेन्द्र यादव अपनी बहन प्रियंका को अपने घर ले आए थे।
इसी पारिवारिक विवाद के कारण आज कपिल यादव द्वारा देवेन्द्र यादव को गोली मारे जाने की घटना प्रकाश में आई। घटना के पश्चात मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों द्वारा अभियुक्त कपिल यादव के साथ मारपीट की गई। सूचना प्राप्त होने पर पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर अभियुक्त को पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया तथा आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। मौके पर पर्याप्त पुलिस बल मौजूद है। कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य एवं पूर्णतः नियंत्रण में है। प्रकरण में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
ब्रजेश त्रिपाठी को पत्रकारिता क्षेत्र में 35 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने समाचार लेखन और संपादन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ में उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के व्यूरो प्रमुख के पद पर कार्यरत हैं।
