महाजुटान यात्रा का प्रयागराज से होगा आगाज
— केजीएमयू के इंटर्न डॉक्टरों का उठेगा मुद्दा
लखनऊ। यूपी प्रेस क्लब से आइसा ‘ जेनजेड राइजिंग ’ अभियान के उत्तर प्रदेश चैप्टर और उसके तहत जंतर-मंतर आंदोलन के नेताओं की प्रदेशव्यापी जेन-जेड महाजुटान यात्रा की घोषणा की है। ये जानकारी नेहा और मनीष ने दी है।
उन्होंने बताया इस यात्रा में मुख्य रूप से नेहा और मनीष शामिल रहेंगे, जबकि कुछ जगहों पर जेएनयू की अध्यक्ष अदिति और सह सचिव दानिश भी जुड़ेंगे। इस यात्रा का मकसद उन सवालों और आंदोलनों तक पहुंचना है, जिन पर उत्तर प्रदेश के छात्र और नौजवान पहले से लड़ रहे हैं, और उन्हें एक व्यापक छात्र-युवा आंदोलन से जोड़ना है।
उन्होंने बताया प्रदेश की मौजूदा स्थिति खुद बताती है कि ऐसी यात्रा की जरूरत क्यों है। 12 जून को लखनऊ के इको गार्डन में पेपर लीक और परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ छात्र जुटे। 25 जुलाई को यही गुस्सा प्रयागराज, लखनऊ, झांसी, सहारनपुर समेत कई जिलों में पेपर लीक, निष्पक्ष परीक्षा और जवाबदेही की मांग को लेकर बड़े प्रदर्शनों के रूप में सामने आया। तो वहीं 9 अगस्त को अंबेडकर नगर, कन्नौज, जालौन और सहारनपुर के सरकारी मेडिकल कॉलेजों के SC/ST छात्रों ने इको गार्डन में प्रदर्शन कर इन कॉलेजों में लागू 70 प्रतिशत SC/ST प्रवेश व्यवस्था को बचाने और उसे कानूनी सुरक्षा देने की मांग उठाई। दस अगस्त को केजीएमयू के इंटर्न डॉक्टरों ने सम्मानजनक स्टाइपेंड के लिए प्रदर्शन किया। 11 अगस्त को 56 दिनों के संघर्ष के बाद लखनऊ विश्वविद्यालय प्रशासन को 3 छात्रों का निष्कासन वापस लेना पड़ा। और 14 तथा 17 अगस्त को लखनऊ में स्कूली छात्र भी शिक्षकों और बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर सड़क पर उतरे। उन्होंने बताया इसलिए यह यात्रा नेताओं के किसी शहर में जाकर भाषण देने की यात्रा नहीं है। यह उस शहर के छात्रों और नौजवानों के सवालों को प्रदेशव्यापी आंदोलन का हिस्सा बनाने की यात्रा है। हर जगह कोशिश होगी कि स्थानीय संघर्षों, मांगों और छात्र-युवा समूहों को शिक्षा, रोजगार, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों के व्यापक सवाल से जोड़ा जाए।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शुभम कश्यप को पत्रकारिता और मीडिया क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। उनकी विशेषज्ञता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी खबरों और अस्पताल आधारित रिपोर्टिंग में है, जहाँ वह विषयों को तथ्यपरक, सटीक और जिम्मेदार ढंग से प्रस्तुत करते हैं।
