लखनऊ में ‘गिट्टा गैंग’ का भंडाफोड़, महिला समेत तीन शातिर चोर गिरफ्तार, 6 लाख के आभूषण बरामद
लखनऊ। राजधानी की बिजनौर पुलिस ने ज्वेलरी दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए कुख्यात "गिट्टा गैंग" के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब छह लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और वारदात में प्रयुक्त एक स्कूटी बरामद की है। गिरोह का एक अन्य सदस्य अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 2 जून 2026 को कमलापुर निवासी मनोज कुमार ने थाना बिजनौर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 और 2 जून की रात अज्ञात चोरों ने उनकी ज्वेलरी दुकान का शटर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। इस संबंध में थाना बिजनौर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में तीन विशेष टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान पुलिस ने करीब 250 से 300 सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी और मैनुअल जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
पुलिस ने 11 जून को किसान पथ अंडरपास के पास सर्विस रोड से निलोफर उर्फ गिट्टा उर्फ गीता, प्रियांशु उर्फ दीपांशु और अमन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये बताई जा रही है। साथ ही चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी भी बरामद हुई है।
बंद दुकानों और मकानों को बनाते थे निशाना
पूछताछ में सामने आया कि सभी आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते हैं और लंबे समय से संगठित तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। गिरोह पहले बंद पड़े मकानों और दुकानों की रेकी करता था। इसके बाद रात के समय शटर काटकर या तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। चोरी के बाद आरोपी सुनसान स्थान पर पहुंचकर सामान का बंटवारा कर लेते थे और अपने-अपने घर लौट जाते थे।
आरोपियों पर दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास है। विशेष रूप से निलोफर उर्फ गिट्टा और अमन के खिलाफ लखनऊ के विभिन्न थानों में चोरी, सेंधमारी और अन्य आपराधिक मामलों के दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं प्रियांशु के खिलाफ भी चोरी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि इस गैंग का एक अन्य सदस्य आकाश पांडेय उर्फ सूरज अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है और गैंग द्वारा की गई अन्य चोरी की घटनाओं का भी सत्यापन किया जा रहा है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
