यूपी में आंधी-बारिश का कहर: 7 लोगों की मौत, सैकड़ों खंभे- पेड़ गिरे, कई जिलों में ब्लैकआउट जैसे हालात
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बुधवार रात आई तेज आंधी और बारिश ने व्यापक तबाही मचाई। कई जिलों में पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से जनजीवन प्रभावित हो गया। हादसों में कौशाम्बी में दो तथा झांसी, बरेली, अलीगढ़, देवरिया और मेरठ में एक-एक व्यक्ति समेत कुल सात लोगों की मौत हो गई। कई लोग घायल हुए हैं, जबकि बड़ी संख्या में बिजली आपूर्ति बाधित रही।
सबसे अधिक असर बरेली में देखने को मिला, जहां करीब 200 बिजली के खंभे गिरने से ब्लैकआउट जैसे हालात बन गए। तेज आंधी के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक दरोगा समेत नौ लोग घायल हो गए। मेरठ में करीब 70 पेड़ और 100 से अधिक बिजली के खंभे गिर गए, जिससे कई इलाकों की बिजली व्यवस्था ठप हो गई।
अलीगढ़ में जेके सीमेंट फैक्टरी की चेक पोस्ट तेज हवा के कारण ढह गई, जिसके नीचे दबकर सुरक्षा गार्ड इंद्रजीत (35) की मौत हो गई। मुजफ्फरनगर में दीवार गिरने से एक मजदूर की जान चली गई। बुलंदशहर में घर की छत पर लगा टावर गिर गया, जबकि 300 से अधिक पेड़ और कई होर्डिंग क्षतिग्रस्त हो गए।
पूर्वांचल के जिलों में भी मौसम का कहर देखने को मिला। बलिया, जौनपुर और चंदौली में पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। मऊ में बिजली गिरने से एक व्यक्ति झुलस गया। देवरिया के जोगिया गांव में खेत की ओर जा रही 65 वर्षीय महिला की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। कई जिलों में 100 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित रही।
गोरखपुर में बुधवार रात से शुरू हुई बारिश गुरुवार सुबह तक जारी रही। लगातार छह घंटे तक हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार गोरखपुर में सबसे अधिक 75 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि बलिया में 64 मिमी, बाराबंकी और संत कबीर नगर में 48-48 मिमी वर्षा हुई।
मथुरा में रात करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आए तूफान ने भारी नुकसान पहुंचाया। दर्जनों पेड़, बिजली के खंभे और होर्डिंग गिरने से सैकड़ों गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
आज भी आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की है। 19 जिलों में गरज-चमक और तेज आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 12 जिलों में ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक Atul Kumar Singh के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 12 जून तक प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है। 13 जून से मौसम तंत्र कमजोर पड़ने के बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी होने की संभावना है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
