25 जुलाई को गजफरपुर में आयोजित होगा निःशुल्क माटीकला जागरूकता कार्यक्रम
कार्यक्रम का उद्देश्य माटीकला से जुड़े कारीगरों को विस्तृत जानकारी देना
आनंद मिश्रा
मऊ। उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड के तत्वावधान में जनपद मऊ के विकासखंड रानीपुर अंतर्गत ग्राम गजफरपुर में 25 जुलाई 2026 को दोपहर 12:00 बजे एक दिवसीय निःशुल्क माटीकला जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अमिता श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य माटीकला से जुड़े कारीगरों, युवाओं एवं इच्छुक प्रतिभागियों को विभाग द्वारा संचालित स्वरोजगार एवं रोजगारपरक योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना तथा मुख्यमंत्री माटी कला रोजगार योजना सहित विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में उद्यम स्थापना के इच्छुक प्रतिभागियों को योजनाओं के अंतर्गत बैंकों के माध्यम से नियमानुसार उपलब्ध कराई जाने वाली वित्तीय सहायता, ऋण, अनुदान एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी विशेषज्ञों द्वारा विस्तार से प्रदान की जाएगी। साथ ही माटीकला व्यवसाय के आधुनिकीकरण, स्वरोजगार के अवसरों तथा सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया जाएगा।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने जनपद के समस्त माटीकला कारीगरों एवं इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता कर विभागीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करें। कार्यक्रम में जिला ग्रामोद्योग विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहेंगे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
