बेटियों के जन्म पर जिला अस्पताल में जश्न, डीएम ने 16 नवजातों को दिए उपहार
'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' के तहत अस्पताल में मनाया गया नवजात कन्या जन्मोत्सव
रामनाथ सिंह
- बेटियां समाज की मजबूत नींव, हर क्षेत्र में रच रही नई मिसाल: डीएम
बिजनौर। जिला अस्पताल बिजनौर में शुक्रवार को महिला कल्याण विभाग की ओर से 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' योजना के तहत नवजात कन्या जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में अस्पताल में जन्मी 16 नवजात बालिकाओं का स्वागत बेबी किट, उपहार, मिठाई और शुभकामना पत्र देकर किया गया।
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी जसजीत कौर ने नवजात बालिकाओं की माताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि बेटियां समाज की मजबूत नींव हैं और हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य बेटियों को सुरक्षित, शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाना है। साथ ही माताओं से शिशुओं के स्वास्थ्य, पोषण और नियमित देखभाल पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
ये खबर भी पढ़े : कांवड़ यात्रा-2026: प्रशासन पूरी तरह अलर्ट, धामपुर और नजीबाबाद में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजाकार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी और जिला महिला अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका (सीएमएस) डॉ. प्रभा रानी भी मौजूद रहीं। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र परिवारों से उनका लाभ उठाने का आह्वान किया।
सीएमएस डॉ. प्रभा रानी ने नवजात शिशुओं की देखभाल, नियमित टीकाकरण, स्तनपान और मातृ स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों, चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने केक काटकर 16 नवजात बालिकाओं का जन्मोत्सव मनाया। इस दौरान पूरे अस्पताल परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना तथा कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीति के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
