मर्सिडीज-AMG E 53 की भारतीय बाजार में एंट्री, 612 एचपी की दमदार पावर
100 किमी से ज्यादा इलेक्ट्रिक रेंज
- मर्सिडीज-बेंज ने लॉन्च की नई मर्सिडीज़-AMG E 53 हाइब्रिड 4MATIC+
लक्जरी कार निर्माता मर्सिडीज-बेंज ने भारतीय बाजार में अपनी नई परफॉर्मेंस सेडान मर्सिडीज़-AMG E 53 हाइब्रिड 4MATIC+ को लॉन्च कर दिया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1.45 करोड़ रुपये रखी गई है। यह प्लग-इन हाइब्रिड सेडान हाई परफॉर्मेंस, आधुनिक तकनीक और बेहतर फ्यूल एफिशिएंसी का बेहतरीन संयोजन पेश करती है।
इस कार में 3.0-लीटर इनलाइन 6-सिलेंडर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ 120 kW की इलेक्ट्रिक मोटर और 21.2 kWh का बैटरी पैक दिया गया है। सामान्य ड्राइविंग के दौरान यह सिस्टम 585 हॉर्सपावर उत्पन्न करता है, जबकि रेस स्टार्ट मोड सक्रिय करने पर इसकी अधिकतम क्षमता 612 हॉर्सपावर और 750 Nm टॉर्क तक पहुंच जाती है। इसकी बदौलत यह सेडान केवल 3.8 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है।
नई AMG E 53 Hybrid 4MATIC+ सिर्फ दमदार परफॉर्मेंस ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की ड्राइविंग के लिहाज से भी काफी व्यावहारिक है। यह कार केवल इलेक्ट्रिक मोड में 100 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर सकती है, जिससे कम दूरी की यात्रा बिना पेट्रोल खर्च किए पूरी की जा सकती है। इलेक्ट्रिक मोड में इसकी अधिकतम गति 140 किमी प्रति घंटा है।
चार्जिंग के मामले में भी यह सेडान काफी एडवांस है। इसमें 60 kW DC फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट दिया गया है, जिससे बैटरी को 10 प्रतिशत से 80 प्रतिशत तक चार्ज होने में लगभग 20 मिनट का समय लगता है। नई मर्सिडीज़-AMG E 53 हाइब्रिड 4MATIC+ उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है जो एक ही कार में लग्जरी, स्पोर्टी परफॉर्मेंस और पर्यावरण के अनुकूल तकनीक का अनुभव चाहते हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
