प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत प्राथमिक विद्यालय जोगापुर में हुआ प्रतियोगिता का आयोजन
प्रतापगढ़। स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत जनपद के नगर पालिका परिषद क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय जोगापुर (नवीन) सदर में छात्र-छात्राओं के बीच निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में योजना के लाभार्थियों के बच्चों सहित विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने अपनी लेखन एवं चित्रकला प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रति अपनी समझ, जागरूकता और उत्साह को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।
बच्चों की प्रस्तुतियों में योजना के उद्देश्यों एवं जनकल्याणकारी स्वरूप की झलक दिखाई दी। कार्यक्रम के समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को डिप्टी कलेक्टर/परियोजना अधिकारी डूडा सीमा भारती ने प्रमाण-पत्र व मेडल वितरित कर प्रोत्साहित किया। उन्होंने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों में रचनात्मकता, जागरूकता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देती हैं। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक वंदना, शहर मिशन प्रबन्धक डूडा आनन्द प्रकाश मौर्य, म्यूनिसिपल इंजीनियर डूडा अविनाश मौर्य, डूडा विभाग के कर्मचारी मनोज यादव, जितेन्द्र यादव सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
ब्रजेश त्रिपाठी को पत्रकारिता क्षेत्र में 35 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने समाचार लेखन और संपादन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ में उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के व्यूरो प्रमुख के पद पर कार्यरत हैं।
