संत कबीर नगर।* जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला उद्योग बन्धु समिति/जिला निर्यात प्रोत्साहन समिति तथा विभाग द्वारा संचालित स्वरोजगारपरक योजनाओं की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुयी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी उपस्थित रहे हैं।
बैठक में सदस्य सचिव/उपायुक्त उद्योग द्वारा निवेश मित्र पोर्टल पर लम्बित प्रकरणों को प्रस्तुत किया, जिस पर जिलाधिकारी द्वारा सम्बन्धित विभागों को निवेश मित्र पोर्टल पर लम्बित प्रकरणों को यथाशीघ्र निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया। उपायुक्त उद्योग द्वारा विभाग में संचालित विभिन्न स्वरोजगारपरक योजनाओं यथा-मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना एवं एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण योजना की प्रगति के सम्बन्ध में समिति को अवगत कराया गया।
उपायुक्त उद्योग द्वारा एक जनपद एक व्यंजन वित्तपोषण सहायता योजना के संबन्ध में जानकारी दी गयी तथा सी0एम0 युवा उद्यमी विकास अभियान के सम्बन्ध में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा विस्तृत समीक्षा की गयी।
जिलाधिकारी द्वारा लक्ष्य के अनुरूप प्रगति न होने पर नाराजगी व्यक्त की गयी तथा अग्रणी जिला प्रबन्धक, एस0बी0आई0 एवं उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया गया कि बैको से समन्यवय स्थापित कर निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति समयबद्ध सुनिश्चित किया जाये।
बैठक में उपस्थित प्रतिनिधि अग्रणी जिला प्रबन्धक, एस0बी0आई0 लीड बैंक को जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि उद्योग विभाग की उपरोक्त तीनों योजनाओं में सम्बन्धित बैंको में लम्बित आवेदन पत्रों का फॉलोअप करते हुए, प्रगति कराना सुनिश्चित करें, तथा ओ0डी0ओ0पी0 वित्त पोषण सहायता योजना एवं मुख्यमंत्री युवास्वरोजगार योजनान्तर्गत एवं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजनान्तर्गत बैंक शाखा स्तर पर स्वीकृति/वितरण हेतु लम्बित आवेदन पत्रों का समयबद्ध निस्तारण कराना सुनिश्चित करें, जिससे सी0एम0 डैशबोर्ड की प्रगति में सुधार हो सके। बैठक में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के अन्तर्गत प्राप्त एम0ओ0यू0 एवं जी0बी0सी0 / 5.0 हेतु तैयार प्रस्तावों पर गहन समीक्षा की गयी। विशाल श्रीवास्तव, उद्यमी मित्र द्वारा समिति को अवगत कराया गया कि जी0बी0सी0 / 5.0 माह- नवम्बर के अंतिम सप्ताह में होना प्रस्तावित है, जिसमें जनपद हेतु धनराशि रू0 2000 करोड़ का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। जिस पर जिलाधिकारी द्वारा बैठक में उपस्थित सम्बन्धित विभागों को निर्देशित किया गया कि वे जी0बी0सी0/5.0 हेतु अधिक से अधिक एम0ओ0यू0 हस्ताक्षरित करायें जिससे जनपद का लक्ष्य पूर्ण हो सकें।
इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग विनोद कुमार वर्मा, लीड बैंक मैनेजर पवन कुमार सिन्हा, जिला उद्यान अधिकारी समुद्रगुप्त मल्ल सहित औद्योगिक/व्यापारिक संगठन के पदाधिकारी तथा जनपद स्तरीय अधिकारीगण/उद्यमीगण/व्यापारीगण आदि उपस्थित रहें।