चाकू से जानलेवा हमले में घायल पिता ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
बेटे पर दर्ज मुकदमे में बढ़ी गंभीर धाराएं
मोहनलालगंज, लखनऊ। थाना क्षेत्र के उत्तरगांव में करीब 25 दिन पहले बेटे के चाकू से हुए जानलेवा हमले में घायल पिता की मंगलवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस के मुताबिक, 14 अगस्त को उत्तरगांव निवासी बाबूलाल पर उनके बेटे शिव कुमार उर्फ गुड्डू ने चाकू से हमला कर दिया था। हमले में बाबूलाल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मामले में मोहनलालगंज थाने में बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घायल बाबूलाल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद 15 अगस्त को उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। इसके बाद बाबूलाल घर पर ही रह रहे थे। 24 अगस्त को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें विद्या अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा था।
मंगलवार 8 सितंबर को उपचार के दौरान बाबूलाल ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ चिकित्सकीय और विवेचनात्मक साक्ष्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बाबूलाल की मौत हमले में लगी चोटों के कारण हुई अथवा कोई अन्य चिकित्सकीय कारण रहा।
वहीं, पुलिस ने घटना के आरोपी बेटे शिव कुमार उर्फ गुड्डू को 15 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया गया था। इसके बाद 16 अगस्त को उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया था।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
