पर्यावरण सेना ने वृक्षों को रक्षा सूत्र बांधकर चलाया वृक्ष रक्षा अभियान
प्रतापगढ़। पर्यावरण संरक्षण और वृक्षों की सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज पर्यावरण सेना द्वारा मान्धाता ब्लॉक के कंठी का पूरा गांव स्थित चंद्रशेखर आजाद एकेडमी में वृक्ष रक्षा अभियान का आयोजन कर पेड़ों को राखी बांधकर वृक्षाबंधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
अभियान के दौरान पर्यावरण सेना के सदस्यों एवं विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधकर उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया। इस अवसर पर लोगों को संदेश दिया गया कि पेड़ केवल पर्यावरण की धरोहर नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन के आधार हैं। इनकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।
पर्यावरण सेना प्रमुख ग्रीनमैन अजय क्रांतिकारी ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण, जल संकट और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए पेड़ों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हम अपने रिश्तों की रक्षा करते हैं, उसी प्रकार प्रकृति के इन अनमोल साथियों की रक्षा करना भी हमारी जिम्मेदारी है।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने आसपास लगे पेड़ों की देखभाल करें और अधिक से अधिक लोगों को वृक्ष संरक्षण के लिए प्रेरित करें।
कॉलेज के डायरेक्टर राजेश यादव ने पर्यावरण सेना के समर्पण एवं हरित प्रयासों को सराहना करते हुए लोगों से धरती पर जीवन के लिए पेड़ों को बचाने हेतु जागरूक किया।उन्होंने कहा कि पेड़ों को लगाते हुए बड़े पेड़ों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करना अपरिहार्य है।
इस मौके पर राजेश यादव, रवि यादव,पवन यादव,नीरज,अमित शर्मा,सूरज यादव,शुभम यादव, आदर्श,रितिका ,अंश एवं आपदा मित्र नमन कुमार तिवारी सहित विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीणों ने सहभागिता करते हुए वृक्षों की रक्षा का संकल्प लिया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
ब्रजेश त्रिपाठी को पत्रकारिता क्षेत्र में 35 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने समाचार लेखन और संपादन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ में उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के व्यूरो प्रमुख के पद पर कार्यरत हैं।
