चेकिंग के दौरान अवैध तमंचे के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस को देखकर भागने लगा था आरोपी
सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने बाइक सवार को दबोचा, .315 बोर का तमंचा, चार कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद
लखनऊ। राजधानी में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुशांत गोल्फ सिटी थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को अवैध देशी तमंचे और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को देखकर आरोपी बाइक मोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा, चार जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस आयुक्त तरुण गाबा के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) अपर्णा कुमार, पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) मोहम्मद मुश्ताक, अपर पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) रल्लापल्ली वसंथ कुमार तथा सहायक पुलिस आयुक्त गोसाईगंज ऋषभ यादव के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। प्रभारी निरीक्षक राजीव रंजन उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी।
पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त को अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय चौराहे के पास स्टंटबाजी करने वाले बाइकर्स, तीन सवारी, मॉडिफाइड साइलेंसर, हूटर लगे वाहनों तथा संदिग्ध मोबाइल स्नैचरों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान स्वाती अपार्टमेंट की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल पुलिस को देखकर अचानक मुड़ गई और चालक भागने का प्रयास करने लगा।
पुलिस ने पीछा कर युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने घबराते हुए बताया कि उसके पास अवैध तमंचा है और इसी डर से वह भाग रहा था। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से .315 बोर का एक देशी तमंचा और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीष रावत (25 वर्ष) पुत्र तेजनारायण रावत निवासी खुर्दही बाजार, बक्कास, थाना सुशांत गोल्फ सिटी, लखनऊ के रूप में हुई। आरोपी मजदूरी का काम करता है।
आरोपी के खिलाफ थाना सुशांत गोल्फ सिटी में मुकदमा संख्या 504/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में मामला दर्ज किया गया है। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह बाराबंकी में एक शादी समारोह से लौट रहा था। रास्ते में पुलिस चेकिंग देखकर घबरा गया क्योंकि उसके पास अवैध तमंचा था, इसलिए भागने की कोशिश की।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
