पुलिस पेंशनर कल्याण संस्थान की मासिक बैठक संपन्न
लंबित मामलों के जल्द निस्तारण पर जोर
पेंशन, चिकित्सा प्रतिपूर्ति और अन्य समस्याओं पर हुई चर्चा, संबंधित अधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस पेंशनर कल्याण संस्थान, जनपदीय इकाई लखनऊ की मासिक बैठक बुधवार को सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक एवं संस्थान के अध्यक्ष आर.के. चतुर्वेदी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में करीब 30 पुलिस पेंशनर्स और सदस्यों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और सुझाव रखे।
बैठक के दौरान पेंशनर्स से जुड़े विभिन्न मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई और उनके शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में सेवानिवृत्त कंपनी कमांडर चन्द्रभान सिंह ने वेतन से हो रही कटौती के संबंध में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। इस पर अध्यक्ष आर.के. चतुर्वेदी ने संबंधित डिप्टी कमांडेंट से वार्ता कर मामले के संबंध में 27वीं वाहिनी पीएसी, सीतापुर के सेनानायक को अर्द्धशासकीय पत्र भेजने के निर्देश दिए।
इस दौरान कमिश्नरेट लखनऊ से उपस्थित लिपिक ने बताया कि चिकित्सा प्रतिपूर्ति से संबंधित 1,481 पत्रावलियां लंबित हैं, जिनमें से 1,445 पत्रावलियां चिकित्सा अधीक्षक पुलिस लाइन, बलरामपुर अस्पताल तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भेजी जा चुकी हैं। अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण का अनुरोध किया और पत्रावलियों का बाइफरकेशन तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में अध्यक्ष कक्ष के एयर कंडीशनर (एसी) के खराब होने का मुद्दा भी उठाया गया, जिस पर डीसीपी मुख्यालय, कमिश्नरेट लखनऊ को पत्र भेजने का निर्णय लिया गया।अन्य कोई समस्या प्रस्तुत नहीं किए जाने पर अध्यक्ष आर.के. चतुर्वेदी ने बैठक का समापन करते हुए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
