सरकारी डॉक्टर की पत्नी ने घर में फंदा लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस
सीतापुर से ड्यूटी कर लौटे डॉक्टर पति ने दरवाजा तोड़कर देखा तो पत्नी पंखे से लटकी मिलीं, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
लखनऊ। राजधानी के जानकीपुरम सेक्टर-8 में मंगलवार शाम एक सरकारी डॉक्टर की पत्नी ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी उस समय हुई, जब सीतापुर से ड्यूटी पूरी कर घर लौटे डॉक्टर पति ने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही जानकीपुरम पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद होने पर पुलिस ने उसे तोड़कर घर में प्रवेश किया। कमरे में आशा त्रिपाठी (करीब 42 वर्ष) पंखे से फंदे के सहारे लटकी मिलीं। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मौके से किसी सुसाइड नोट के मिलने की पुष्टि नहीं हुई
मृतका के पति डॉ. अनिल त्रिपाठी सीतापुर के एक सरकारी अस्पताल में चिकित्सक हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस को मौके से किसी सुसाइड नोट के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।घटना की सूचना पर फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घर और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दंपति के दो बेटे हैं, जिनमें से एक भारतीय सेना में अधिकारी
परिजनों के अनुसार, दंपति के दो बेटे हैं, जिनमें से एक भारतीय सेना में अधिकारी है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है और रिश्तेदारों का घर पर तांता लगा हुआ है।फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
