स्कूली वैन में तोड़फोड़ करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, CCTV फुटेज से हुई पहचान
चरक चौराहे की घटना का चौक पुलिस ने किया खुलासा, वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद
लखनऊ। राजधानी के चौक थाना क्षेत्र में स्कूली वैन में तोड़फोड़ करने की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें दबोचा। वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर सीज कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को चरक चौराहा स्थित क्षेत्र में एक ईको वैन में तोड़फोड़ की घटना हुई थी। पीड़ित की शिकायत पर थाना चौक में मुकदमा अपराध संख्या 168/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 131, 351(2) और 324(4) में मामला दर्ज किया गया था।घटना के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई और 5 अगस्त 2026 को चरक चौराहे के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप राजपूत (22 वर्ष), बृजेश राजपूत (18 वर्ष), नितिन (19 वर्ष) और अनुज कुमार (19 वर्ष) के रूप में हुई। चारों उन्नाव जिले के हसनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मलझा के निवासी हैं।पुलिस ने घटना में प्रयुक्त UP32QV4084 नंबर की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है, जिसे मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है।इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक नागेश उपाध्याय के नेतृत्व में चौक पुलिस टीम ने अंजाम दिया। टीम में उपनिरीक्षक लवलेन्द्र सिंह, जयकृष्ण द्विवेदी, भूपेन्द्र सिंह, योगेन्द्र यादव एवं आरक्षी विक्रम सिंह शामिल रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
