बिजनौर को मिली विकास की रफ्तार, 15.40 करोड़ से बनेंगी 7.85 किमी सड़कें
663.7 करोड़ के औद्योगिक निवेश को मिलेगा बल, किसानों और ग्रामीणों को भी होगा सीधा लाभ
रामनाथ सिंह
बिजनौर। उपायुक्त उद्योग अमित कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के औद्योगिक विकास और आधारभूत संरचना को मजबूती देने के लिए शासन स्तर पर बड़ा निर्णय लिया गया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 की औद्योगिक लॉजिस्टिक योजना के तहत बिजनौर जिले में 15.40 करोड़ रुपये की लागत से तीन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं के माध्यम से चांदपुर, नगीना और नजीबाबाद में कुल 7.85 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण एवं चौड़ीकरण किया जाएगा।
यह योजना जिले में 663.7 करोड़ रुपये के औद्योगिक निवेश को नई गति देने के साथ-साथ किसानों, व्यापारियों और आम जनता के लिए भी सुविधाजनक साबित होगी। बेहतर सड़क संपर्क से उद्योगों तक कच्चे माल की आपूर्ति और तैयार माल की ढुलाई तेज होगी।
ये खबर भी पढ़े : सम्राट अशोक स्तंभ निर्माण का शिलान्यास,समाज में शांति और मानवता का संदेश देने का आह्वानबिन्दल पेपर मिल मार्ग बनेगा फोर लेन
चांदपुर तहसील के चांगीपुर स्थित बिन्दल पेपर मिल्स के लिए सबसे बड़ा सड़क प्रोजेक्ट स्वीकृत हुआ है। गोहावर चौक केमरी शफुद्दीन रोड से चांदपुर पॉलिटेक्निक स्कूल तक 2.30 किलोमीटर सड़क को सिंगल लेन से फोर लेन स्टेट हाईवे में विकसित किया जाएगा। इस कार्य पर 4.30 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यहां लगभग 660 करोड़ रुपये का औद्योगिक निवेश हुआ है, जिससे यह मार्ग उद्योग के लिए जीवनरेखा साबित होगा।
नगीना में 5 किलोमीटर लंबी सड़क का होगा सुदृढ़ीकरण
नगीना तहसील में औरंगजेबपुर-मोहम्मदाबाद हरेवली रोड पर रामलीला तिराहा से बेनीपुर गांव तक 5 किलोमीटर सड़क का 10 करोड़ रुपये की लागत से सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। यह जिले की सबसे लंबी सड़क परियोजना है। इस क्षेत्र में बेवरेज उद्योग के लिए 3.5 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है, जिससे परिवहन और सप्लाई चेन को मजबूती मिलेगी।
ये खबर भी पढ़े : कर्बला महज़ एक तारीखी वाक़िआ नहीं,बल्कि हर दौर के इंसान के लिए एक पैग़ाम है:मौलाना ज़ैग़म अलीनजीबाबाद में नई सड़क निर्माण को मंजूरी
नजीबाबाद तहसील के शाहनपुरा गांव में रामपाल कंस्ट्रक्शन के पास नई सड़क का निर्माण किया जाएगा। गाटा संख्या 546 से विलेज कनेक्टिविटी रोड तक 0.55 किलोमीटर सड़क पर 1.10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे स्थानीय उद्योग और ग्रामीण संपर्क मार्ग बेहतर होंगे।
किसानों और आम जनता को मिलेगा सीधा लाभ
इन परियोजनाओं का लाभ केवल उद्योगों तक सीमित नहीं रहेगा। गांवों की सड़कें मुख्य मार्गों और स्टेट हाईवे से जुड़ने पर किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी। साथ ही यातायात सुगम होगा, समय की बचत होगी और सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है। यह पूरी योजना बिजनौर की अर्थव्यवस्था, रोजगार और विकास के पहिए को नई रफ्तार देने वाली साबित होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
