लाभार्थियों को योजनाओं का मिला सहारा, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने बांटे आवास के प्रमाण-पत्र, आयुष्मान कार्ड और टूलकिट
स्वयं सहायता समूहों को ई-रिक्शा व ऋण स्वीकृति पत्र
कौशाम्बी। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को मां शीतला अतिथि गृह, सयारा में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न जनकल्याणकारी एवं रोजगारपरक योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण-पत्र, आयुष्मान कार्ड, टूलकिट और सहायता राशि से संबंधित दस्तावेज वितरित किए। योजनाओं का लाभ पाकर लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी नजर आई। कार्यक्रम के दौरान सरकार की योजनाओं के माध्यम से गरीब, जरूरतमंद और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया गया।
उप मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत ज्ञानमती, पार्वती, अनीता, तिरसिया, सुनीता और निशा देवी को स्वीकृत प्रमाण-पत्र प्रदान किए। वहीं आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थी ननकैया, अशोक कुमार और लक्ष्मी देवी को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचे और कोई भी जरूरतमंद सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।
विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत सीमा और रंजना को टूलकिट प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह से जुड़ी दीदियों ममता देवी, ममता और सावित्री देवी को ई-रिक्शा प्रदान किए गए। उप मुख्यमंत्री ने ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया। इससे महिलाओं को रोजगार का साधन मिलने के साथ ही उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होने की उम्मीद है।
पीएमएफएमई योजना के अंतर्गत कुबेर चंद्र को नमकीन फैक्ट्री स्थापित करने के लिए 75 लाख रुपये का डमी चेक प्रदान किया गया। इसी योजना के तहत जय मां आनंदी स्वयं सहायता समूह को सात लाख रुपये, खुशी महिला स्वयं सहायता समूह को 10 लाख रुपये, इश्यू महिला स्वयं सहायता समूह को पांच लाख रुपये, सम्राट महिला स्वयं सहायता समूह को 10 लाख रुपये और मां दुर्गा महिला स्वयं सहायता समूह को चार लाख रुपये के स्वीकृति प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर, चायल विधायक पूजा पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, अवधेश गुप्ता, निवर्तमान विधायक संजय कुमार गुप्ता, लाल बहादुर, शीतला प्रसाद उर्फ पप्पू पटेल, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा, नगर पालिका परिषद मंझनपुर के अध्यक्ष वीरेंद्र फौजी, भरवारी की अध्यक्ष कविता पासी, नगर पंचायत अझुवा की अध्यक्ष शांति देवी, शिव मोहन मौर्य, चंद्रदत्त शुक्ला और भोले शंकर सहित जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल, पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण, मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
