चंदवा पंचायत के 29 महादलित भूमिहीन परिवारों को मिला बासगीत पर्चा
विधायक कविता पासवान ने किया वितरण
कोलासी, कटिहार। कोढ़ा प्रखंड के चंदवा पंचायत अंतर्गत रुपसपुर गांव में महादलित एवं भूमिहीन परिवारों के लिए महत्वपूर्ण पहल की गई। कार्यक्रम के दौरान कोढ़ा विधायक कविता पासवान एवं कोढ़ा अंचलाधिकारी संजीव कुमार के द्वारा कुल 29 महादलित भूमिहीन परिवारों के बीच बासगीत पर्चा का वितरण किया गया।
बासगीत पर्चा मिलने से वर्षों से भूमि के अधिकार की प्रतीक्षा कर रहे परिवारों में खुशी का माहौल देखने को मिला।कार्यक्रम में पंचायत के मुखिया फारूक आजम, राजस्व कर्मचारी अभिजीत कुमार, बीस सूत्री सदस्य मनोज सिंह तथा कोलासी मंडल अध्यक्ष भोला झा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने लाभुक परिवारों को बासगीत पर्चा सौंपते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
बासगीत पर्चा मिलने के बाद लाभुक परिवारों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि लंबे समय से वे अपने आवास एवं जमीन के अधिकार को लेकर उम्मीद लगाए बैठे थे। पर्चा मिलने से अब उन्हें अपने आशियाने को लेकर सुरक्षा और स्थायित्व का भरोसा मिला है। ग्रामीणों ने इस पहल के लिए प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर विधायक कविता पासवान ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद परिवारों को उनका अधिकार दिलाना है।
भूमिहीन परिवारों को बासगीत पर्चा मिलने से उन्हें अपने आवास के लिए जमीन का अधिकार प्राप्त होगा और वे सरकारी आवास सहित अन्य योजनाओं का भी लाभ उठा सकेंगे।वहीं अंचलाधिकारी संजीव कुमार ने कहा कि पात्र भूमिहीन परिवारों को नियमानुसार बासगीत पर्चा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।
प्रशासन का प्रयास है कि योग्य लाभुकों को सरकारी प्रावधानों के तहत उनके अधिकार का लाभ समय पर मिले। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। बासगीत पर्चा वितरण को लेकर लाभुक परिवारों में उत्साह का माहौल रहा और उन्होंने इसे अपने जीवन में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
