पुलिस लाइन में शान से लहराया तिरंगा, कर्तव्य और निष्ठा की दिलाई शपथ
उत्कृष्ट सेवा देने वाले पुलिसकर्मियों को पदक व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
कौशाम्बी। जिले में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को पुलिस लाइन कौशाम्बी में भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के दौरान पुलिस बैंड पार्टी ने राष्ट्रगान की धुन बजाई। इसके बाद उपस्थित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को कर्तव्य, निष्ठा, ईमानदारी तथा निष्पक्षता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई गई।
समारोह में जिला जज बद्री विशाल पाण्डेय, जिलाधिकारी अमित पाल, पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण समेत जिले के पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य अतिथि ने स्वतंत्रता आंदोलन में देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से मिली आजादी की गरिमा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक और सरकारी कर्मचारी का दायित्व है। पुलिसकर्मियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा करने के लिए प्रेरित किया गया।
समारोह के दौरान जनपद में बीते दिनों उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों की सराहना की गई। महामहिम राष्ट्रपति एवं गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा स्वीकृत अति उत्कृष्ट, उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवा पदक तथा उत्तर प्रदेश सरकार एवं पुलिस महानिदेशक द्वारा स्वीकृत सराहनीय सेवा पदक व सिल्वर मेडल से सम्मानित पुलिसकर्मियों को मुख्य अतिथि ने वर्दी पर पदक धारण कराए। साथ ही उन्हें प्रमाण पत्र वितरित कर उनके कार्यों की प्रशंसा की गई।
पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने पुलिस लाइंस के क्वार्टर गार्द पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। पुलिस बैंड की धुन के बीच राष्ट्रगान हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिसकर्मियों को सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई। एसपी ने पुलिस कैम्प कार्यालय में भी ध्वजारोहण कर उपस्थित कर्मचारियों को कर्तव्य एवं निष्ठा की शपथ दिलाई।
अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह ने पुलिस कार्यालय में नियुक्त पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया और सभी को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने पुलिसकर्मियों को पूरी मेहनत, ईमानदारी और अनुशासन के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
इसी क्रम में जिले के सभी क्षेत्राधिकारी कार्यालयों में संबंधित अधिकारियों ने तथा थाना, चौकी और फायर स्टेशन के प्रभारियों ने अपने-अपने कार्यालयों में ध्वजारोहण किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी ईमानदारी व समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। सभी स्थानों पर पुलिसकर्मियों को कर्तव्य और निष्ठा की शपथ भी दिलाई गई।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
