तिरंगा मेले में दिखी देशभक्ति की झलक, स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को मिला प्रोत्साहन
कौशाम्बी। जिले में हर घर तिरंगा अभियान के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित तिरंगा मेले का जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर ने फीता काटकर शुभारंभ किया। मेले में विभिन्न विभागों के साथ स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर वहां प्रदर्शित उत्पादों की जानकारी ली और समूहों के प्रयासों की सराहना की।
जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देशप्रेम की भावना को मजबूत करने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि तिरंगा मेले के जरिए स्वयं सहायता समूहों की ओर से तैयार स्थानीय उत्पादों को लोगों तक पहुंचाने और उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध कराने का अवसर मिल रहा है। इससे समूहों से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी प्रोत्साहन मिलेगा।
मेले में विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए, जहां स्थानीय स्तर पर तैयार विभिन्न सामग्री और उत्पाद प्रदर्शित किए गए। जिला पंचायत अध्यक्ष ने समूहों से उत्पादों की गुणवत्ता, निर्माण प्रक्रिया और विपणन के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल, मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। मेले में लोगों ने स्टॉलों का अवलोकन कर स्थानीय उत्पादों के प्रति रुचि दिखाई।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
