फतेहपुर, 13 अगस्त । जनपद में हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अंतर्गत विकास खंड भिटौरा के ग्राम बीसापुर में ब्लॉक प्रमुख भिटौरा अमित तिवारी, विकास खंड धाता के दीपनारायण चौराहा, विकास खंड देवमई के प्राथमिक विद्यालय के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की मनमोहक प्रस्तुति दी और तिरंगा रैली देवमई से बैठका चौराहा से मुसाफा होते नहर पटरी के रास्ते विकास खंड कार्यालय तक, विकास खंड बहुआ में बहुआ से बहुआ चौराहा (बांदा सागर रोड) तक रैली निकाली गई। विकास खंड खजुहा में हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत विकासखंड खजुहा में देशभक्ति एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना से ओत-प्रोत तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक बिंदकी जयकुमार सिंह जैकी व विधायक जहानाबाद राजेन्द्र पटेल, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुरेंद्र उत्तम, मंडल अध्यक्ष रोहन श्रीवास्तव तथा अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में खण्ड विकास अधिकारी सुश्री कोमल सिंह, सहायक विकास अधिकारी प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव एवं रामकृपाल संबंधित ग्राम पंचायत सचिर्वा सहित विकासखंड के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त आशा कार्यकत्रियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों तथा पुरुषोतम इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने तिरंगा रैली में सहभागिता की। महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष श्रीमती उत्प्रेक्षा द्विवेदी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं। रैली के दौरान, भारत माता की जय, एवं जय हिंद के नारों से वातावरण गुंजायमान रहा।
रैली विभिन्न मार्गो से होते हुए शहीद स्थल पहुंची जहां उपस्थित जनप्रतिनिधियों अधिकारियों एवं अन्य प्रतिभागियों द्वारा स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष एवं अमर बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।