जोन तीन में गंदगी देख भड़के मंत्री, ठेकेदार पर पांच लाख का जुर्माना
जोन-3 और जोन-4 के चार वार्डों का किया औचक निरीक्षण
- नालियों की सफाई पर जताई कड़ी नाराजगी
लखनऊ। गुरुवार मंत्री सुरेश खन्ना ने जोन-3 एवं जोन-4 के चार वार्डों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वह नालियों में गन्दगी देखकर भड़क उठे। उन्होंने ठेकेदार पर पांच लाख का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए हैं।
प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने जोन-3 के अयोध्या दास प्रथम, अयोध्या दास द्वितीय एवं फैजुल्लागंज द्वितीय तथा जोन-4 के गोमती नगर वार्ड का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान सड़कों पर झाड़ू एवं सामान्य सफाई की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर मिली, लेकिन नालियों की सफाई में गंभीर लापरवाही मिलने पर प्रभारी मंत्री ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
खन्ना ने विभिन्न स्थानों पर नालियों का स्वयं निरीक्षण किया और उनमें जमा गंदगी एवं सफाई की खराब स्थिति देखकर संबंधित अधिकारियों एवं सफाई व्यवस्था से जुड़े जिम्मेदार लोगों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि केवल सड़कों पर झाड़ू लगाकर सफाई व्यवस्था की औपचारिकता पूरी नहीं की जा सकती। शहर की वास्तविक स्वच्छता के लिए सड़कों के साथ-साथ नालियों की नियमित और गुणवत्तापूर्ण सफाई भी अनिवार्य है।
उन्होंने नालियों की सफाई के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय करते हुए लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। जोन-3 में सफाई कार्य कर रही कंपनी ‘लायन एनवायरो’ के कार्यों में लापरवाही मिलने पर प्रभारी मंत्री ने कंपनी पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सफाई व्यवस्था से जुड़ी एजेंसियों के कार्यों की नियमित निगरानी की जाए।
सरकारी धन खर्च होने के बावजूद यदि धरातल पर अपेक्षित परिणाम नहीं दिखाई देते हैं तो संबंधित संस्था और जिम्मेदार कार्मिकों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जोन-4 के गोमती नगर वार्ड के निरीक्षण के दौरान भी नालियों की सफाई संतोषजनक नहीं मिलने पर मंत्री ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित एसएफआई एवं सुपरवाइजर का पांच-पांच दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
