फेसबुक पर विदेशी लड़की बनकर अफेयर कर लाखो की ठगी
मदेयगंज पुलिस ने दर्ज किया था केस,एसटीएफ ने दिल्ली से की गिरफ्तारी
- डालीगंज में रहने वाले युवक से 68 लाख रुपए ऐंठे
लखनऊ। बुधवार एसटीएफ ने सोशल मीडिया पर विदेशी लड़की बनकर भारत के युवाओं को ठगने वाले नाइजीरियाई गिरोह का एक सदस्य गिरफ्तार किया गया है। उसने 3 लोगों के साथ मिलकर डालीगंज के रहने वाले एक युवक से फेसबुक पर अफेयर किया। बाद में उससे 68 लाख रुपए ऐंठ लिए। ठगी के 3 महीने बाद उसे यूपी एसटीएफ ने बुधवार को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
कमल विहार बुराड़ी दिल्ली में पकड़ा गया ठग नाइजीरिया का वोगु ओबेड ओसिनाची है। उसने फेसबुक पर इंग्लैंड की लड़की के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर युवक को प्रेमजाल में फंसाया था। बाद में कस्टम ड्यूटी, इनकम टैक्स और जीएसटी के नाम पर उससे करीब 68 लाख रुपए ऐंठ लिए। एसटीएफ के मुताबिक, युवक से फेसबुक पर डोरिस विलियम के नाम से दोस्ती की गई थी। आरोपी ने युवक को महंगे गिफ्ट, डॉलर और पाउंड भेजने का झांसा दिया। इसके बाद बताया गया कि एयरपोर्ट पर गिफ्ट और विदेशी मुद्रा कस्टम अधिकारियों ने पकड़ ली है। कस्टम अधिकारी और इनकम टैक्स अधिकारी बनकर अलग-अलग शुल्क जमा कराने के नाम पर युवक से रकम ट्रांसफर कराई गई। इस दौरान उसे यूके के नाम से फर्जी आरबीएस सर्टिफिकेट भी भेजा गया।
पीड़ित की शिकायत पर मदेयगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। एसटीएफ की साइबर टीम मामले की जांच कर रही थी। जांच के दौरान सामने आया कि इस ठगी में नाइजीरियाई गिरोह सक्रिय है। टीम ने पहले 15 मई 2026 को उचेनवा और 18 मई को ओबस प्रोस्पेर को दिल्ली से गिरफ्तार किया था। मामले में वोगु ओबेड वांछित चल रहा था। एसटीएफ को सूचना मिली कि वोगु ओबेड दिल्ली के बुराड़ी में मौजूद है। टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 2022 में बिजनेस वीजा पर भारत आया था। उसी साल वीजा की अवधि खत्म हो गई, लेकिन इसके बाद भी वह दिल्ली में अवैध रूप से रह रहा था। आरोपी ने बताया कि उसके कुछ साथी दिल्ली में रहकर फेसबुक और इंस्टाग्राम पर अमेरिका और ब्रिटेन के नागरिकों के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाते हैं। इन्हीं प्रोफाइल से भारतीय युवक-युवतियों से दोस्ती कर उन्हें महंगे गिफ्ट और डॉलर-पाउंड भेजने का झांसा दिया जाता है। बाद में एयरपोर्ट पर गिफ्ट या विदेशी मुद्रा पकड़े जाने की बात कहकर कस्टम ड्यूटी और इनकम टैक्स के नाम पर रकम वसूली जाती है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि लखनऊ के युवक से की गई 68 लाख रुपए की ठगी उसने उचेनवा और प्रोस्पेर के साथ मिलकर की थी। गिरोह भारतीय लोगों के बैंक खाते किराए पर लेकर उनमें ठगी की रकम मंगाता था। एसटीएफ को जांच में यह भी पता चला है कि गिरोह ने देश के कई राज्यों में इसी तरीके से लोगों को अपना शिकार बनाया है। एसटीएफ अब आरोपी के बैंक खातों और वॉलेट की जांच कर रही है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है। आरोपी के पास से बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
