लोहिया संस्थान में अंगदान के लिए चला जागरूकता अभियान
लखनऊ। विश्व अंगदान दिवस के अवसर पर डॉ.राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के नेफ्रोलॉजी विभाग ने अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और संस्थान में मृतक दाता अंग प्रत्यारोपण को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। संस्थान के निदेशक प्रो. सीएम. सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो.विक्रम सिंह, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. अरविंद सिंह और कार्यकारी रजिस्ट्रार प्रो. सुब्रत चंद्र उपस्थित रहे। इस दौरान चिकित्सा विशेषज्ञों, इमरजेंसी चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों और ब्रेन-स्टेम डेथ डिक्लेरेशन समिति के सदस्यों को संबोधित करते हुए प्रो.सीएम. सिंह ने कहा कि संस्थान अब मृतक दाता से अंग प्रत्यारोपण शुरू करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़े और सभी संबंधित टीमें इसमें सक्रिय भूमिका निभाएं। प्रो.विक्रम सिंह ने संस्थान में मृतक-दाता प्रत्यारोपण को बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि इसके लिए संस्थान में उपलब्ध विभिन्न योजनाओं और संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा सकता है। प्रो.अरविंद सिंह और प्रो. सुब्रत चंद्र ने भी टीमों का उत्साह बढ़ाते हुए इस दिशा में मिलकर काम करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नोडल अधिकारी डॉ. हर्षवर्धन ने राज्य में अंगदान को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की जानकारी साझा की और संस्थान को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न संस्थानों के बीच बेहतर तालमेल के लिए एक अंतर-संस्थागत समन्वय समिति बनाने का सुझाव दिया, ताकि संभावित दाताओं की पहचान से लेकर अंगों के आवंटन और प्रत्यारोपण तक की प्रक्रिया अधिक प्रभावी ढंग से हो सके।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
शुभम कश्यप को पत्रकारिता और मीडिया क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं। उनकी विशेषज्ञता चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी खबरों और अस्पताल आधारित रिपोर्टिंग में है, जहाँ वह विषयों को तथ्यपरक, सटीक और जिम्मेदार ढंग से प्रस्तुत करते हैं।
