तिरंगा यात्रा में खुलेआम असलहा लहराने का फोटो वायरल, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
कौशाम्बी।जिले के सरायकेल थान क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर निकाली गई तिरंगा यात्रा के दौरान खुलेआम असलहा लहराने का फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। मामला सरायअकिल थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। वायरल फोटो में सरायअकिल निवासी देव रस्तोगी के हाथ में कथित तौर पर असलहा दिखाई दे रहा है। फोटो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई है।
बताया जा रहा है कि 15 अगस्त को क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही थी। इसी दौरान यात्रा में शामिल एक युवक द्वारा कथित रूप से असलहा प्रदर्शित किया गया। खास बात यह है कि यात्रा के दौरान पुलिस की मौजूदगी और सुरक्षा इंतजाम के बावजूद हथियार के सार्वजनिक प्रदर्शन का मामला सामने आया है। इससे तिरंगा यात्रा में पुलिस की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने के बाद मचा हड़कंप
तिरंगा यात्रा के दौरान असलहा लहराने की तस्वीर सोशल मीडिया पर प्रसारित होते ही मामला चर्चा में आ गया। लोगों ने सार्वजनिक कार्यक्रम में हथियार के प्रदर्शन को लेकर नाराजगी जताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस के स्तर से वायरल फोटो और उसकी वास्तविकता की जांच की बात सामने आ रही है।
जांच के बाद कार्रवाई पर टिकी नजर
वायरल फोटो में दिखाई दे रहा असलहा वास्तविक है या नहीं और उसका लाइसेंस है अथवा नहीं, यह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। यदि जांच में सार्वजनिक स्थान पर अवैध हथियार के प्रदर्शन की पुष्टि होती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल पूरे मामले में पुलिस की जांच और आधिकारिक कार्रवाई का इंतजार है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पर्व पर निकली तिरंगा यात्रा में कथित हथियार का पहुंचना सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर सवाल माना जा रहा है। लोगों का कहना है कि ऐसे आयोजनों में पुलिस को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए, ताकि किसी भी तरह के हथियार प्रदर्शन या कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधि को रोका जा सके।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
