80वें स्वतंत्रता दिवस पर मा. नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने कम्युनिटी हॉल मऊ में किया ध्वजारोहण।
मा. मंत्री जी ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को किया नमन, विकसित भारत के निर्माण में जुटने का किया आह्वान
स्कूली बच्चों ने प्रस्तुत किए देशभक्ति से संबंधित सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं रंगोली के माध्यम से दिया राष्ट्रभक्ति का संदेश।
मऊ / आज 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कम्युनिटी हॉल में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री माननीय श्री ए.के. शर्मा द्वारा ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण के उपरांत माननीय मंत्री जी ने देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता के प्रतीक तिरंगे के सम्मान में गुब्बारों को आसमान में छोड़ा। इसके बाद उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम का संचालन श्री राजेश श्रीवास्तव द्वारा किया गया।कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। बच्चों द्वारा स्वतंत्रता दिवस की थीम पर आकर्षक रंगोली भी बनाई गई। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रभक्ति एवं उत्साह का संचार किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने सभी उपस्थित लोगों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का स्मरण कराता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि जनपद मऊ के हजारों लोगों ने भी देश को स्वतंत्रता दिलाने के आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने जनपद के सभी स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके परिवारों को शत-शत नमन किया।
माननीय मंत्री जी ने 1857 की क्रांति में जनपद के वीर स्वतंत्रता सेनानियों खड़क सिंह एवं हुलास सिंह के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि मऊ जनपद की धरती स्वतंत्रता संग्राम के अनेक वीरों की शौर्यगाथाओं की साक्षी रही है। उन्होंने मधुबन स्थित शहीद स्मारक का उल्लेख करते हुए कहा कि स्मारक स्थल पर स्वतंत्रता संग्राम में अपना बलिदान देने वाले वीरों के नाम अंकित हैं। इन सभी वीर शहीदों को स्मरण करना और उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। माननीय मंत्री जी ने जनपद के पिपरीडीह क्षेत्र की स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा खजाने की गाड़ी को रोककर उसमें मौजूद धन का उपयोग स्वतंत्रता आंदोलन को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया था। उन्होंने कहा कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों, जिनमें खुरहट भी शामिल है, के लोगों ने स्वतंत्रता आंदोलन में साहस, त्याग और समर्पण का परिचय दिया।
स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले जनपद के स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को सामने लाने और उनकी शौर्यगाथाओं को जन-जन तक पहुंचाने में आदरणीय कल्पनाथ राय जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने कहा कि कल्पनाथ राय जी ने जनपद के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके परिणामस्वरूप मऊ ने विकास के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई।
माननीय मंत्री जी ने जनपद के स्वतंत्रता सेनानी चंद्रदेव राय जी का भी स्मरण किया। उन्होंने बताया कि चंद्रदेव राय जी कहा करते थे कि उन्होंने किसी सामान्य सेवा में कार्य नहीं किया, बल्कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस की सेवा में कार्य किया। उन्होंने कहा कि यह पूरे जनपद के लिए गौरव की बात है कि यहां के वीरों ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नेतृत्व में भी देश की स्वतंत्रता के लिए अपना योगदान दिया। अपने संबोधन के दौरान माननीय मंत्री जी ने जनपद के सभी स्वतंत्रता सेनानियों तथा देश की स्वतंत्रता में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले परिवारों को नमन किया।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके संघर्ष से प्रेरणा लेते हुए हमें राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। माननीय मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने कहा कि आज हम सभी का दायित्व है कि देश को विकसित राष्ट्र बनाने में अपना योगदान दें। इसके लिए हम सभी को एकजुट होकर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करना होगा, तभी माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के विजन को साकार किया जा सकेगा। हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। यदि हम सभी देशवासी अपने-अपने स्तर पर देश के विकास में थोड़ा-थोड़ा योगदान दें, तो निश्चित रूप से भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार पूर्व दिशा से सूर्य का उदय होना निश्चित है, उसी प्रकार यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत का विकसित राष्ट्र बनना भी निश्चित है। माननीय मंत्री जी ने उपस्थित सभी लोगों को पुनः स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सभी लोग आपसी सहयोग, एकजुटता और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ कार्य करें।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी श्री आनंद वर्द्धन, पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश बहादुर, मुख्य विकास अधिकारी श्री विवेक कुमार श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी श्री अमरेंद्र कुमार, परियोजना निदेशक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
आनन्द कुमार मिश्र मऊ जनपद के जाने - माने पत्रकार हैं। आनन्द कुमार को पत्रकारिता का 10 सालों का अनुभव है, यह कई मीडिया संस्थानों अपनी सेवा दे चुके हैं। वर्तमान में तरुणमित्र के मऊ जनपद के ब्यूरो प्रमुख के रुप में कार्यरत हैं।
