80 वें स्वतंत्रता दिवस पर जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में किया ध्वजारोहण
अमर शहीदों के त्याग और बलिदान को याद कर राष्ट्र निर्माण में ईमानदारी से योगदान देने का किया आह्वान
मऊ / 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी श्री आनंद वर्द्धन ने कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ एवं राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का गायन किया गया।
ध्वजारोहण के उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार में स्वतंत्रता संग्राम में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए संगोष्ठी का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता हमें बहुत कठिन संघर्ष और असंख्य बलिदानों के बाद प्राप्त हुई है। समाज के सभी वर्गों, जातियों एवं समुदायों के लोगों ने देश को गुलामी की बेड़ियों से मुक्त कराने में अपना योगदान दिया। स्वतंत्रता के 80 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर हमारा दायित्व है कि हम स्वतंत्रता आंदोलन में बलिदान देने वाले वीरों के त्याग एवं संघर्ष को सदैव स्मरण रखें तथा आने वाली पीढ़ियों को भी उनके योगदान से अवगत कराएं।
उन्होंने कहा कि लोक सेवक के रूप में हम सभी को राष्ट्र निर्माण में प्रत्यक्ष योगदान देने का महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त हुआ है। हमें जो भी दायित्व सौंपा गया है, उसका पूरी ईमानदारी, निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना ही स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस संकल्प की पूर्ति में प्रत्येक नागरिक एवं लोक सेवक अपने स्तर से महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। उन्होंने सभी से विकसित भारत एवं विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण के लिए अपनी भूमिका पूरी जिम्मेदारी से निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय नई तकनीक का युग है। आने वाले वर्षों में तकनीकी क्षेत्र में तेजी से बदलाव होने की संभावना है। ऐसे में सभी को नई तकनीकों के प्रति जागरूक एवं अपडेट रहना होगा। विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सहित आधुनिक तकनीकों को समझकर उनका सकारात्मक एवं प्रभावी उपयोग करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि तकनीकी रूप से सक्षम होकर हम अपने कार्यों को अधिक प्रभावी बना सकते हैं तथा राष्ट्र निर्माण में बेहतर योगदान दे सकते हैं।
जिलाधिकारी ने सभी से विकसित राष्ट्र की अपेक्षाओं के अनुरूप बड़े संकल्प लेने तथा अमर शहीदों की भावना के अनुरूप देश को विकसित बनाने में अपना योगदान देने की अपील की।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य राजस्व अधिकारी श्री दिनेश कुमार ने कहा कि हम सभी को अपनी स्वतंत्रता का वास्तविक एहसास होना चाहिए और हमें जो भी कार्य सौंपा गया है, उसका पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। यही स्वतंत्रता दिवस मनाने की सार्थकता है।
अपर जिलाधिकारी श्री प्रवेंद्र कुमार ने कहा कि देश की आजादी में समाज के सभी वर्गों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। अनेक लोगों ने राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। इसलिए जिम्मेदार नागरिक एवं लोक सेवक के रूप में सभी को देश के प्रति समर्पित होकर कार्य करना चाहिए तथा नई पीढ़ी को भी स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान से परिचित कराना चाहिए।
सिटी मजिस्ट्रेट श्री रामबाबू ने कहा कि हमारी स्वतंत्रता वहीं तक है, जहां तक उससे किसी दूसरे व्यक्ति की स्वतंत्रता बाधित न हो। उन्होंने स्वतंत्रता के वास्तविक मूल्यों को आत्मसात करने तथा समाज में आपसी सम्मान एवं जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने पर बल दिया।
इस अवसर पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट, तहसीलदार श्री अभिषेक, वरिष्ठ लेखाकार, जिला शासकीय अधिवक्ता श्री संजीव सहित अन्य वक्ताओं ने भी स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सपूतों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
आनन्द कुमार मिश्र मऊ जनपद के जाने - माने पत्रकार हैं। आनन्द कुमार को पत्रकारिता का 10 सालों का अनुभव है, यह कई मीडिया संस्थानों अपनी सेवा दे चुके हैं। वर्तमान में तरुणमित्र के मऊ जनपद के ब्यूरो प्रमुख के रुप में कार्यरत हैं।
