स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन्स में कैबिनेट मंत्री नन्दगोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ ने किया ध्वजारोहण
प्रतापगढ़। 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शनिवार को पुलिस लाइन्स, प्रतापगढ़ के परेड ग्राउंड में भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री नन्दगोपाल गुप्ता ‘नन्दी’ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि द्वारा विधिवत ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई। राष्ट्रगान के साथ पूरा वातावरण देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत रहा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रतापगढ़ अभिषेक पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर सहित अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी रानीगंज प्रशान्त राज, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी सदर श्रीमती अनुष्का शर्मा, सदर विधायक राजेन्द्र मौर्या सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं सम्मानित अतिथिगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा राष्ट्र की एकता, अखण्डता, संप्रभुता एवं संविधान के प्रति निष्ठा बनाए रखने तथा अपने कर्तव्यों का पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने की शपथ ली गई।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान साकेत गर्ल्स इण्टर कॉलेज, बीएसएस एकेडमी, तुलसी का पुरवा उच्च प्राथमिक विद्यालय एवं पीएम श्री राजकीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा मनमोहक एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत *सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गईं। छात्र-छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया तथा कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया।
समारोह के दौरान स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों एवं देश की रक्षा में अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों के त्याग, बलिदान एवं संघर्ष को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। उपस्थित जनसमूह ने राष्ट्र की एकता एवं अखण्डता को और अधिक मजबूत बनाने तथा देशहित में अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह ने राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति, सामाजिक एकता एवं जनसेवा की भावना को सुदृढ़ करते हुए सभी को राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
ब्रजेश त्रिपाठी को पत्रकारिता क्षेत्र में 35 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने समाचार लेखन और संपादन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ में उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के व्यूरो प्रमुख के पद पर कार्यरत हैं।
