बलिदान से मिली आजादी की विरासत सहेजने का लिया संकल्प
राजकीय महाविद्यालय सिराथू में हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट के साथ दी तिरंगे को सलामी
कौशाम्बी। जिले के राजकीय महाविद्यालय सिराथू में 80वां स्वतंत्रता दिवस शुक्रवार को देशभक्ति और उल्लास के माहौल में मनाया गया। सुबह से ही महाविद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। प्राचार्य प्रो. संजय प्रसाद शर्मा ने सुबह आठ बजे ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद सामूहिक राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत से पूरा परिसर देशभक्ति के स्वर से गूंज उठा।
ध्वजारोहण के बाद छात्र-छात्राओं ने अनुशासित ढंग से मार्च पास्ट किया और तिरंगे को सलामी दी। समारोह में उच्च शिक्षा निदेशक की ओर से भेजे गए संदेश का वाचन कार्यक्रम के संचालक प्रो. उत्तम कुमार शुक्ल ने किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में प्रो. मीरा पाल और डॉ. इंगलेश भारती ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर विचार रखे। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों को जीवन में उतारने का आह्वान किया।
अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रो. संजय प्रसाद शर्मा ने कहा कि अनगिनत राष्ट्रभक्तों के त्याग और बलिदान से मिली आजादी देशवासियों के लिए अमूल्य धरोहर है। स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर नायकों की गौरवगाथा हमें राष्ट्र और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन के लिए सदैव प्रेरित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की एकता, अखंडता और विकास में अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. उत्तम कुमार शुक्ल ने किया। इस दौरान महाविद्यालय के समस्त शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
